तेलंगाना: भूमि सर्वेक्षक की हत्या के आरोप में पत्नी और प्रेमी सहित आठ लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 10:38 PM
तेलंगाना: भूमि सर्वेक्षक की हत्या के आरोप में पत्नी और प्रेमी सहित आठ लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना के गडवाल जिले में एक भूमि सर्वेक्षक की हत्या के सिलसिले में एक नवविवाहित महिला और उसके प्रेमी सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस का दावा है कि उसने तेजेश्वर (32) के लापता होने की शिकायत मिलने के एक सप्ताह के भीतर ही इस मामले को सुलझा लिया है.

तेजेश्वर 17 जून की सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. उसके भाई ने 18 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रारंभिक जांच से पता चला कि तेजेश्वर अपने परिचित लोगों के साथ कार में सवार होकर निकला था.
बाद में उसका शव पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के पन्यम कस्बे के पास मिला.

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी तिरुमला राव एक विवाहित व्यक्ति है जो कुरनूल में एक आवास वित्त कंपनी में प्रबंधक के रूप में काम करता है. उसके कार्यालय में काम करने वाली एक महिला सफाईकर्मी के साथ उसके संबंध थे. उसने महिला को आवास ऋण दिलाने और उसकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद की, जिसके बाद उसके साथ अवैध संबंध बन गए. उसने महिला की बेटी ऐश्वर्या (23) के साथ भी इसी तरह का रिश्ता बनाया और कथित तौर पर उससे शादी करने का वादा किया. हालांकि ऐश्वर्या की सगाई दिसंबर 2024 में तेजेश्वर से हुई.

विज्ञप्ति में कहा गया है, “इसके बाद तिरुमला राव और ऐश्वर्या के लिए अपने रिश्ते को जारी रखना मुश्किल हो गया. नतीजतन उन दोनों ने अपने जानने वाले लोगों को सुपारी देकर तेजेश्वर की हत्या की साजिश रची.” तिरुमला राव ने एक कमीशन एजेंट कुम्मारी नागेश से संपर्क किया. करीब छह महीने पहले तिरुमाला राव ने नागेश और उसके सहयोगी को बताया कि वह ऐश्वर्या से प्यार करता है और उसकी सगाई गडवाल के तेजेश्वर से हो चुकी है. उसने “तेजेश्वर का कुछ करने” की इच्छा जताई.

राव ने नागेश को तेजेश्वर का फोन नंबर दिया और उसे जमीन खरीदने के बहाने तेजेश्वर से दोस्ती करने और “अंतत: उसे खत्म करने” के लिए कहा. बदले में तिरुमला राव ने नागेश को आर्थिक रूप से सहायता देने का आश्वासन दिया और उनकी ऋण-संबंधी फाइलों को तेजी से निपटाने का वादा किया. योजना के तहत तिरुमाला राव ने नागेश और उसके सहयोगी को एक जीपीएस ट्रैकर भी दिया, जिसे उन्होंने तेजेश्वर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गुप्त रूप से उसकी मोटरसाइकिल से जोड़ दिया.

पुलिस ने बताया कि इस वर्ष 18 मई को ऐश्वर्या ने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के दबाव में आकर तेजेश्वर से शादी कर ली.
शादी के बाद मुख्य आरोपी ने किसी भी तरह से तेजेश्वर को खत्म करने का दबाव बनाया और उन्हें आश्वासन दिया कि वे जो भी रकम मांगेंगे, वह उन्हें मिलेगी. इस दौरान दोनों ने कथित तौर पर मेघालय हनीमून हत्याकांड पर चर्चा की और उस घटना में आरोपियों द्वारा की गई गलतियों का विश्लेषण किया.

विज्ञप्ति के अनुसार इसके बाद 17 जून को नागेश और उसके दो साथियों ने कार में तेजेश्वर की दरांती से कथित तौर पर हत्या कर दी. मुख्य आरोपी तिरुमला राव शव को ठिकाने लगाने में शामिल था. पुलिस जांच से पता चला कि तिरुमला राव ने हत्या में शामिल तीन लोगों को दो लाख रुपये का भुगतान किया था.

बृहस्पतिवार सुबह मुख्य आरोपी और भाड़े के तीन हत्यारों को कार से हैदराबाद जाते समय पकड़ लिया गया. उनके बयानों के आधार पर ऐश्वर्या को गडवाल से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में ऐश्वर्या की मां और मुख्य आरोपी के पिता शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि योजना के तहत तिरुमला राव और ऐश्वर्या ने लद्दाख या किसी दूर स्थान पर जाने की भी योजना बनाई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu