भुवनेश्वर/पुरी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि वह ओडिशा के पुरी में एक मंदिर के पास भगदड़ मचने की घटना से बहुत दुखी हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि “लापरवाही व कुप्रबंधन” के कारण यह घटना हुई, जो माफी के लायक नहीं है. अधिकारियों ने कहा कि रविवार सुबह श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मचने से दो महिलाओं समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग 50 अन्य घायल हो गए.
खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं महाप्रभु जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़ मचने की घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और कम से कम 50 लोग घायल हो गए. यह घटना शुक्रवार को यात्रा के दौरान 500 श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर सामने आने के बाद हुई है. मेरी कामनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं. मैं सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” उन्होंने लिखा, “जिस लापरवाही और कुप्रबंधन के कारण यह त्रासदी हुई, वह अक्षम्य है.” पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ एस स्वैन ने कहा कि यह घटना सुबह करीब चार बजे हुई, जब सैकड़ों श्रद्धालु रथ यात्रा उत्सव देखने के लिए मंदिर के पास एकत्र हुए थे.
पुरी में मंदिर के पास हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को पुरी में एक मंदिर के पास हुई भगदड़ की घटना को ”अत्यंत दुखद” बताया और ओडिशा सरकार से राहत प्रयासों में तेजी लाने का आग्रह किया. गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत प्रयासों में हर संभव सहायता देने का आह्वान भी किया.
लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”यह त्रासदी एक गंभीर चेतावनी है कि ऐसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की गंभीरता से तैयारी और समीक्षा होनी चाहिए. जीवन की रक्षा सर्वोपरि है, और इस जिम्मेदारी में कोई चूक स्वीकार्य नहीं है.” उन्होंने कहा, ”मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना और घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं. ओडिशा सरकार से अपील है कि राहत कार्यों में तेजी लाए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वो इसमें हर संभव मदद करें.”