पुणे में ‘कूरियर डिलीवरी एजेंट’ बनकर घर में घुसे एक व्यक्ति ने युवती से किया दुष्कर्म

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Jul 2025 08:24 PM
पुणे में ‘कूरियर डिलीवरी एजेंट’ बनकर घर में घुसे एक व्यक्ति ने युवती से किया दुष्कर्म
ऑडियो सुनें

पुणे. महाराष्ट्र के पुणे में एक अज्ञात व्यक्ति ‘कूरियर डिलीवरी एग्जीक्यूटिव’ (सामान पहुंचाने वाला) बनकर 22 वर्षीय एक आईटी पेशेवर के फ्लैट में घुस गया और उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया. अपराध के लगभग 24 घंटे बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.

पुलिस ने बताया कि उसने महिला के फोन से एक सेल्फी ली, जिसमें उसकी पीठ और उसके चेहरे का कुछ हिस्सा दिखाई दे रहा है. उसने एक संदेश छोड़ा, जिसमें उसने चेतावनी दी कि उसने उसकी तस्वीरें ली हैं और अगर उसने घटना की सूचना दी तो वह उन्हें सोशल मीडिया पर जारी कर देगा.

पुलिस के मुताबिक, उसने संदेश में लिखा, “मैं फिर आऊंगा.” पुलिस उपायुक्त (जोन 5) राजकुमार शिंदे ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे महाराष्ट्र के पुणे शहर के कोंढवा इलाके में स्थित एक आवासीय सोसाइटी में हुई. अधिकारी ने बताया कि पीड़िता एक निजी कंपनी में काम करती है. उसका भाई किसी काम से बाहर गया था तथा घटना के समय वह फ्लैट में अकेली थी. महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे कहा कि वह कूरियर डिलीवरी करने वाला व्यक्ति है और उसने उसे बैंक से संबंधित कोई दस्तावेज दिखाया.

शिकायत के मुताबिक, उसने दस्तावेज पर हस्ताक्षर के लिए एक कलम मांगी और जैसे ही महिला कलम लाने के लिए पीछे मुड़ी, तो आरोपी घर में घुस गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. डीसीपी शिंदे ने कहा, ”महिला को (इसके अलावा) कुछ भी याद नहीं है, क्योंकि उसे रात करीब साढ़े आठ बजे होश आया. इसके बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी और घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया गया.” पुलिस ने बताया कि व्यक्ति ने महिला के बेहोश रहने के दौरान उसके फोन से सेल्फी ली. उसने महिला के फोन पर संदेश छोड़ा कि उसने उसकी तस्वीरें ली हैं और अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा.

उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पीड़िता को बेहोश करने के लिए किसी रासायनिक पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा. इसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है. शिंदे ने कहा, “यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि क्या वह व्यक्ति वास्तव में कूरियर कंपनी से था या वह महिला को जानता था. हम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और आवासीय सोसाइटी द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले द्वार प्रबंधन ऐप की भी जांच कर रहे हैं.” महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है.

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (दुष्कर्म के लिए सजा) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, जिन्होंने बृहस्पतिवार को घटनास्थल का दौरा किया, ने कहा कि मामले की जांच के लिए लगभग एक दर्जन टीमें गठित की गई हैं.

उन्होंने कहा, “हमारी टीमें विभिन्न सुरागों पर काम कर रही हैं और हमें विश्वास है कि हम जल्द ही आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा कर लेंगे.” आयुक्त ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि फोरेंसिक टीमों ने महिला के नाक और मुंह के नमूने एकत्र किए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे बेहोश करने के लिए किसी रासायनिक पदार्थ का इस्तेमाल तो नहीं किया गया था.
यह पूछे जाने पर कि क्या महिला द्वारा दिए गए विवरण के आधार पर संदिग्ध का कोई स्केच तैयार किया जा रहा है, कुमार ने कहा कि यह उसकी चिकित्सा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu