सब्जी में ‘नमक ज्यादा’ होने पर पति ने गर्भवती पत्नी को मारा थप्पड़, मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Jul 2025 08:31 PM
सब्जी में ‘नमक ज्यादा’ होने पर पति ने गर्भवती पत्नी को मारा थप्पड़, मौत
ऑडियो सुनें

एटा. एटा से सटे कासगंज जिले में कथित रूप से सब्जी में नमक ज्यादा हो जाने से नाराज एक व्यक्ति ने सीढ़ी पर खड़ी अपनी गर्भवती पत्नी को थप्पड़ मार दिया जिससे असंतुलित होकर नीचे गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने यह जानकारी देत हुए कहा कि पीड़ित की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी.

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बृहस्पतिवार को बताया कि ढोलना थाना क्षेत्र के नगला ढक गांव में रामू नामक व्यक्ति ने बुधवार को कथित रूप से सब्जी में नमक ज्यादा होने से नाराज होकर अपनी पत्नी ब्रजबाला (26) को थप्पड़ मार दिया. उन्होंने कहा कि पीड़िता घटना के वक्त सीढ़ी पर खड़ी थी और थप्पड़ मारे जाने से लड़खड़ाकर नीचे गिरने के कारण वह गम्भीर रूप से घायल हो गयी.

उन्होंने बताया कि पांच महीने की गर्भवती ब्रजबाला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. भारती ने बताया कि घटना के बाद आरोपी पति रामू गांव से फरार हो गया. वह गांव के बाहर एक मकान में छिपा था जहां से ग्रामीणों ने उसे पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. इस बीच, ब्रजबाला के परिजनों ने रामू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि रामू के अपनी भाभी से अवैध संबंध थे जिसका ब्रजबाला विरोध करती थी और इसी बात को लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu