गिल का रिकॉर्ड दोहरा शतक, भारत के चाय तक सात विकेट पर 564 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Jul 2025 10:16 PM
गिल का रिकॉर्ड दोहरा शतक, भारत के चाय तक सात विकेट पर 564 रन
ऑडियो सुनें

बर्मिंघम. कप्तान शुभमन गिल के रिकॉर्ड दोहरे शतक से भारत ने बृहस्पतिवार को यहां दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन चाय तक पहली पारी में सात विकेट पर 564 रन बनाकर अपना पलड़ा भारी रखा. चाय के समय गिल 380 गेंद में 30 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 265 रन बनाकर खेल रहे थे. उन्होंने रविंद्र जडेजा (89 रन, 137 गेंद, 10 चौके, एक छक्का) के साथ छठे विकेट के लिए 203 जबकि वाशिंगटन सुंदर (42) के साथ सातवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की. ब्रेक के समय आकाश दीप उनका साथ निभा रहे थे जिन्होंने अभी खाता नहीं खोला है.

पिच हालांकि काफी सपाट है और भारत के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के लिए 20 विकेट चटकाना बड़ी चुनौती होगी. हालांकि बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियां गिल के शानदार दोहरे शतक की चमक को कम नहीं कर पाई. श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की इच्छा व्यक्त करने वाले गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक बनाने वाला पहला एशियाई कप्तान बनने के बाद अपने लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. गिल ने इंग्लैंड में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के मामले में महान सुनील गावस्कर और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया.

गिल की उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि यह प्रतिष्ठित श्रृंखला टेस्ट कप्तान के तौर पर उनकी पहली श्रृंखला है. विराट कोहली के संन्यास के बाद उन्होंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की है. गिल ने सुनिश्चित किया कि लीड्स में पहले टेस्ट की तरह यहां इंग्लैंड को वापसी का मौका नहीं दिया जाए. इंग्लैंड की शॉर्ट गेंदबाजी की रणनीति काम नहीं कर रही थी और स्पिनर शोएब बशीर के खिलाफ गिल ने आसानी से रन जुटाए.

इंग्लैंड ने इसके बाद कामचलाऊ स्पिनरों हैरी ब्रूक और जो रूट को मौका दिया. गिल ने ब्रूक की गेंदों पर पांच चौके जमाए जबकि सुंदर ने भी अपनी पकड़ बनाए रखी. सुंदर ने लगातार गेंदों पर चौका और छक्का भी मारा. गिल कुछ देर के लिए 199 रन पर अटके रहे लेकिन फिर उन्होंने जोश टंग की गेंद को फाइन लेग की तरफ एक रन के लिए पुल करके अपने करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया. उनके जश्न से पता चलता है कि उनके लिए यह प्रयास कितना मायने रखता है जिसकी विपक्षी टीम और इंग्लैंड के प्रशंसकों ने सराहना की. दूसरे सत्र के अंतिम लम्हों में रूट ने सुंदर को बोल्ड करके टीम को दिन की दूसरी सफलता दिलाई.

इससे पहले भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 310 रन से की और सुबह के सत्र में 25 ओवर में जडेजा के रूप में एक विकेट खोकर 109 रन जोड़े. सुबह के सत्र में अधिकांश समय शॉर्ट गेंदबाजी की रणनीति कारगर नहीं रही. टंग ने सत्र के अंत में शॉर्ट गेंद से सत्र की एकमात्र सफलता हासिल की. जडेजा उछाल लेती गेंद को नियंत्रित नहीं कर सके और विकेटकीपर जेमी स्मिथ ने आसान कैच लपका.

एजबस्टन में तेज धूप के बीच जडेजा ने कवर क्षेत्र में बैकफुट पंच और बेन स्टोक्स की गेंद को कट करके दिन की शुरुआत की.
गिल ने क्रिस वोक्स पर थर्ड मैन क्षेत्र में दिन की अपनी पहली बाउंड्री लगाई. गिल ने बशीर के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेले. भारतीय कप्तान को यह शॉट खेलते हुए देखना हैरानी भरा था. गिल ने बशीर पर स्क्वायर लेग पर स्वीप करके छक्का भी लगाया. जडेजा ने भी क्रीज से आगे बढ़कर बशीर की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छह रन के लिए भेजा. जडेजा के आउट होने पर स्टोक्स ने दिलचस्प क्षेत्ररक्षण लगाया. उन्होंने वाशिंगटन सुंदर के खिलाफ लेग स्लिप और लेग साइड पर दो करीबी क्षेत्ररक्षक लगाए. टंग ने अतिरिक्त उछाल से वाशिंगटन को परेशान किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu