सिंधू पहले दौर में बाहर, सात्विक-चिराग और लक्ष्य जापान ओपन के दूसरे दौर में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Jul 2025 07:43 PM
सिंधू पहले दौर में बाहर, सात्विक-चिराग और लक्ष्य जापान ओपन के दूसरे दौर में
ऑडियो सुनें

तोक्यो. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू एक बार फिर पहले दौर से आगे बढ़ने में नाकाम रही लेकिन लक्ष्य सेन पुरुष एकल तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी बुधवार को यहां जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में आसान जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंच गए.

पूर्व विश्व चैंपियन 30 वर्षीय सिंधू को इस सुपर 750 टूर्नामेंट में कोरिया की सिम यू जिन के हाथों 15-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा. यह इस वर्ष पांचवां अवसर है जबकि सिंधू पहले दौर की बाधा पार नहीं कर पाई. सिंधू ने पहले गेम में थोड़ी चुनौती पेश की लेकिन इस बीच उन्होंने काफी गलतियां भी की जिसका फायदा उठाकर सिम यह गेम जीतने में सफल रही.

दूसरे गेम में सिंधू जल्दी ही 1-6 से पीछे हो गईं. वह हालांकि स्कोर 11-11 से बराबर करने में कामयाब रहीं, लेकिन कोरियाई खिलाड़ी ने आसानी से बढ़त बनाकर सीधे गेम में मैच अपने नाम कर लिया. सिम ने इस तरह से भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ अपने करियर की पहली जीत हासिल की. इससे पहले पुरुष युगल में वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग ने कांग मिन ‘ुक और किम डोंग जू की कोरियाई जोड़ी को केवल 42 मिनट में 21-18, 21-10 से हराया.

विश्व की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी को लय हासिल करने में थोड़ा समय लगा और कोरिया के खिलाड़ियों में पहले गेम में उनके सामने कड़ी चुनौती पेश की. सात्विक और चिराग ने दूसरे गेम में शुरू से ही दबदबा बना कर रखा और आसानी से अगले दौर में प्रवेश किया. इस बीच पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के वांग झेंग जिंग को 21-11, 21-18 से हराया.

विश्व के 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने पहले गेम में पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और 11-2 की बढ़त बना ली और फिर बिना किसी परेशानी के गेम अपने नाम कर लिया. दूसरे गेम में जिंग ने चुनौती पेश की, लेकिन लक्ष्य ने शुरुआती लय का फायदा उठाते हुए बढ़त बनाए रखी और सीधे गेम में मैच जीत लिया. अब उनका सामना जापान के सातवें वरीय खिलाड़ी कोडाई नाराओका से होगा.

महिला एकल में अनुपमा उपाध्याय ने दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में रक्षित रामराज को 21-15 18-21 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया. अनुपमा अगले दौर में चीन की दूसरी वरीय वांग झी यी से भिड़ेंगी. उन्नति हुड्डा को हालांकि पहले दौर में थाईलैंड की सातवीं वरीय पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ 8-21 12-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा.

अन्य भारतीयों में हरिहरन अम्साकरुणन और रुबन कुमार रेथिनासबापति की पुरुष युगल जोड़ी को किम वोन हो और सियो सेयुंग जेइ की कोरिया की तीसरी वरीय पुरुष युगल जोड़ी के खिलाफ 15-21 9-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि कविप्रिया सेलवम और सिमरन सिंघ की महिला युगल जोड़ी ल्यु लोक लोक और सेंग हियु येन की हांगकांग की जोड़ी के खिलाफ 6-21 15-21 से हार गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu