अमित शाह का अब नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं: तेजस्वी यादव

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 24 Jul 2025 04:26 PM
अमित शाह का अब नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं: तेजस्वी यादव
ऑडियो सुनें

पटना: बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने मानसून सत्र के अंतिम दिन विपक्ष द्वारा पेश कटौती प्रस्ताव पर बहस में भाग लेते हुए यह टिप्पणी की।

यादव ने कहा, ‘‘शाह का नीतीश कुमार पर से भरोसा उठने की क्या वजह है? वह कहते रहते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव जद-यू (जनता दल यूनाइटेड) अध्यक्ष के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री कौन होगा, यह तो समय ही बताएगा।’’

राजद नेता ने कहा, ‘‘अगर शाह को अब भी नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा है, तो उन्हें सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए घोषणा करनी चाहिए कि मुख्यमंत्री 2030 तक सत्ता की कुर्सी पर बने रहेंगे। गृह मंत्री सीतामढ़ी के अपने आगामी दौरे के दौरान इसकी घोषणा करें।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले शाह अगस्त में सीतामढ़ी का दौरा करेंगे, जहां वह देवी सीता को सर्मिपत एक भव्य मंदिर की आधारशिला रखेंगे। यादव ने यह भी कहा कि ‘‘राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) बिहार में दोबारा सत्ता में नहीं आने वाला है। यह सरकार 20 साल पुरानी है और एक खटारा कार की तरह हो गई है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital