उधमपुर में एक वाहन नाले में गिरा, सीआरपीएफ के तीन जवान बलिदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Aug 2025 09:55 PM
उधमपुर में एक वाहन नाले में गिरा, सीआरपीएफ के तीन जवान बलिदान
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक वाहन के सड़क से फिसल कर नाले में गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवानों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जवानों की मौत पर दुख जताया और अधिकारियों को घायल जवानों को उत्कृष्ट उपचार मुहैया कराने और हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया.

यह हादसा कडवा इलाके में सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ जब जवान बसंतगढ़ से एक अभियान से एक बंकर वाहन में सवार होकर लौट रहे थे. वाहन सीआरपीएफ की 187 बटालियन का था. वाहन में 23 जवान सवार थे. दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 16 अन्य घायल हो गए. उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और जवान की इलाज के दौरान मौत हो गयी. सिन्हा ने कहा कि उन्हें सीआरपीएफ र्किमयों की मौत पर गहरा दुख है.

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. वरिष्ठ अधिकारियों को उत्कृष्ट उपचार मुहैया कराने और हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है.” सिंह ने भी जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया और कहा कि ”वाहन सीआरपीएफ के कई बहादुर जवानों को ले जा रहा था.” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने उपायुक्त सलोनी राय से बात की है, जो व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रही हैं. उन्होंने कहा, ”बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं. स्थानीय लोग स्वेच्छा से मदद के लिए आगे आए हैं. हरसंभव मदद सुनिश्चित की जा रही है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu