केरल: शारजाह में पत्नी की आत्महत्या के मामले में नामजद NRI हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Aug 2025 07:40 PM
केरल: शारजाह में पत्नी की आत्महत्या के मामले में नामजद NRI हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में पिछले महीने अपने अपार्टमेंट में फंदे से लटकी पाई गई महिला के पति को रविवार को यहां तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि कोल्लम जिले के सस्थमकोट्टा निवासी सतीश (40) पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी अतुल्य (29) को आत्महत्या करने के लिए उकसाया. अतुल्य का शव 19 जुलाई को उनके फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका पाया गया था.

वलियाथुरा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सतीश के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था और जब वह हवाई अड्डे पर उतरा तो उसे आव्रजन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया. अधिकारी ने कहा, ”हमने सतीश को हिरासत में लेकर थाने में रखा है और उसे मामले की जांच कर रही अपराध शाखा को सौंप दिया जाएगा.” सतीश के अधिवक्ता ने संवाददाताओं को बताया कि कोल्लम मुख्य एवं सत्र न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत दिए जाने के बाद उनका मुवक्किल शारजाह से लौट आया है.

जमानत की शर्तों के तहत, उसे केवल अपराध शाखा द्वारा ही गिरफ्तार किया जा सकता है. उसे दो लाख रुपये के मुचलके और समान राशि के दो जमानती प्रस्तुत करने पर रिहा किया गया. अधिवक्ता ने बताया कि अदालत का फैसला अतुल्य के मृत्यु प्रमाण पत्र पर आधारित था, जिसमें मौत का कारण ‘फंदा लगाकर आत्महत्या’ दर्ज किया गया था.

अतुल्य के माता-पिता की शिकायत के बाद चावरा थेक्कुम्भगम पुलिस ने सतीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 (महिला को आत्महत्या के लिए उकसाना), धारा 115 (2) (जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना), धारा 103 (1) (पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता) और धारा 118 (1) (गलत तरीके से रोकना या बंधक बनाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी. उस पर दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.

प्राथमिकी के अनुसार, सतीश 2014 में अपनी शादी के बाद से ही अपनी पत्नी को ‘दहेज से असंतुष्ट’ होने के कारण कथित तौर पर परेशान कर रहा था. शिकायत में कहा गया कि उसकी मौत से दो दिन पहले आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की, उसके सिर पर थाली से वार किया और उसके पेट पर लात मारी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu