कांग्रेस 2019 के लोकसभा चुनाव में ‘अनियमितताओं’ को लेकर मतदाता सूची का ऑडिट कराएगी: वेणुगोपाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Aug 2025 10:04 PM
कांग्रेस 2019 के लोकसभा चुनाव में ‘अनियमितताओं’ को लेकर मतदाता सूची का ऑडिट कराएगी: वेणुगोपाल
ऑडियो सुनें

अलप्पुझा/श्रीनगर. कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि कांग्रेस पिछले लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के लिए एक व्यापक ऑडिट शुरू करेगी. वेणुगोपाल ने कहा कि 48 निर्वाचन क्षेत्र ऐसे थे, जहां ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार 50,000 से कम मतों से हारे थे और पार्टी उन सभी में व्यापक जांच करेगी.

वेणुगोपाल ने अलप्पुझा में पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “वास्तविक जनादेश के साथ पद ग्रहण नहीं किया है.” उन्होंने दावा किया कि यह बात राहुल गांधी द्वारा ”चुनावी धोखाधड़ी के सबूत” जारी करने के बाद स्पष्ट हो गई है.

गांधी ने पिछले आम चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर कुछ “विस्फोटक खुलासे” किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2019 के चुनाव में मतदाता सूची में हेराफेरी करके “सत्ता हासिल की.” उन्होंने कहा कि उचित जांच मोदी को इस्तीफ.ा देने पर मजबूर कर सकती है.

वेणुगोपाल ने निर्वाचन आयोग पर आपत्ति जताने पर गांधी और कांग्रेस को “धमकाने” का आरोप लगाया. हालांकि, वेणुगोपाल ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग ने बताई गई अनियमितताओं पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. उन्होंने आयोग से कहा, ”हमें डराने की कोशिश नहीं करें.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी. उन्होंने 11 अगस्त को नयी दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय तक एक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की, जिसका नेतृत्व पार्टी सांसद करेंगे. कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने त्रिशूर और अलप्पुझा निर्वाचन क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए यह भी आरोप लगाया कि केरल में मतदाता सूची में फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं.

कांग्रेस ‘वोट चोरी’ पर एकजुट प्रतिक्रिया के लिए ‘इंडिया’ के घटक दलों के साथ चर्चा करेगी : खेड़ा

कांग्रेस ने रविवार को कहा कि वह अगले कुछ दिनों में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सहयोगियों के साथ चर्चा करेगी ताकि कई राज्यों में मतदाता सूचियों में हेराफेरी के आरोपों पर एकजुट प्रतिक्रिया तैयार की जा सके. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि निर्वाचन आयोग और सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा कथित “वोट चोरी” के खिलाफ एक जन अभियान शुरू हो गया है, जिसमें कई लोग स्वयं मतदाता सूचियों की जांच कर रहे हैं.

जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी इस मुद्दे पर एक संयुक्त संसदीय समिति की मांग करेगी, तो खेड़ा ने कोई वादा नहीं किया.
उन्होंने कहा, “हम ‘इंडिया’ गठबंधन के अपने सहयोगियों के साथ भी इस पर चर्चा कर रहे हैं. अगले दो या तीन दिन में हम उनके साथ फिर से चर्चा करेंगे और एक संयुक्त रणनीति के साथ वापस आएंगे.” यह पूछे जाने पर कि क्या अदालत जाना एक विकल्प है, कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वह इस समय इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर पाएंगे. उन्होंने कहा, “लेकिन भविष्य में आगे कैसे बढ़ना है, इस पर हम सभी को एकजुट रुख अपनाना होगा.” राहुल गांधी ने पिछले साल कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची के अपनी पार्टी के विश्लेषण का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को भाजपा और निर्वाचन आयोग के बीच मिलीभगत के जरिए चुनावों में भारी धोखाधड़ी का दावा किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu