‘स्टंट’ करने की कोशिश में 10 वर्षीय बच्चे की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 Jun 2022 06:15 PM
‘स्टंट’ करने की कोशिश में 10 वर्षीय बच्चे की मौत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली में एक वीडियो में देखे ‘स्टंट’ को दोहराने की कोशिश में 10 वर्षीय एक लड़के की दम घुटने से मौत हो गई. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करतार नगर इलाके में बुधवार शाम करीब सात बजे की है, जब बच्चा अपनी मां के साथ घर पर था.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ बच्चा स्टंट की काफी वीडियो देखता था. बुधवार शाम वह अपने कमरे में रस्सी कूद रहा था और जब उसने एक स्टंट दोहराने की कोशिश की, उसी दौरान रस्सी उसके गले में लिपट गई जिससे उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी. इसके बाद वह बेहोश हो गया.’’ अधिकारी ने बताया कि उसे नजदीक के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया. माता-पिता ने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में फोन नहीं किया था, लेकिन अस्पताल ने पुलिस को घटना की सूचना दी.

उन्होंने बताया कि दुर्घटनावश मौत होने और किसी के भी कोई मामला दर्ज नहीं कराने के कारण पुलिस ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने बताया कि लड़के के पिता एक इलेक्ट्रॉनिक कम्पनी में काम करते हैं और मां गृहिणी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu