जम्मू कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Jun 2022 06:45 PM
जम्मू कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर

ऑडियो सुनें

श्रीनगर/जम्मू. जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो अज्ञात आतंकवादी मारे गये. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद जिले के त्रुबजी इलाके में नौपुरा-खेरपुरा में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था. उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया, जिसमें दो आतंकवादी मारे गये.

अधिकारी ने बताया कि मारे गये आतंकवादियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस आतंकवादी संगठन से जुड़े थे. उन्होंने कहा कि अंतिम सूचना मिलने तक अभियान जारी था.

जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया गया

जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सोमवार को सुबह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने एक घुसपैठिए को मार गिराया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र में मौजूद जवानों ने घुसपैठिए को बाड़ की दिशा में बढ़ते देखा था. उन्होंने कहा, ‘‘हमारे जवानों ने उसे रुकने के लिए कहा लेकिन उसने चेतावनी को अनसुना कर दिया और बाड़ की दिशा में लगातार बढ़ता रहा.’’ प्रवक्ता ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने घुसपैठिए पर तीन राउंड गोली चलाई और कहा कि उसका शव बाड़ के नजदीक पड़ा मिला. शव को पुलिस को सौंप दिया गया है.

जम्मू कश्मीर के डोडा में आतंकवादी गिरफ्तार

जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से हथियार एवं गोला बारूद बरामद किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आतंकवादी को पाकिस्तान में मौजूद उसके आकाओं से जिले के पुलिसर्किमयों पर हमले का निर्देश मिला था.

पुलिस ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जम्मू में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की एक टीम ने रविवार को डोडा शहर के बाहरी इलाके में स्थित चौकी पर एक व्यक्ति को रोककर उससे पूछताछ की. तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार एवं गोला बारूद बरामद हुआ.

उन्होंने बताया कि व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी पहचान डोडा के कोटी गांव के निवासी फरीद अहमद के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि अहमद के पास से एक चीनी पिस्तौल, दो मैगजीन, 14 कारतूस और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है.
उन्होंने बताया कि सूचना है कि अहमद को मार्च में एक व्यक्ति से हथियार एवं गोलाबारूद मिला था और उसे डोडा में पुलिसर्किमयों पर हमले का जिम्मा सौंपा गया था.

हालांकि, पुलिस के समय रहते कदम उठाने और तुरंत कार्रवाई करने से उसकी साजिश नाकाम हो गई.
पुलिस ने कहा कि एक विशेष टीम मामले में जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आतंकवादी बेहद कट्टरपंथी है और उसे सीमा पार से उसके आकाओं से फोन पर निर्देश मिलते थे. उसे कश्मीर घाटी और डोडा में आतंकवादी संगठन के लिए काम करने के लिए उकसाया गया था. पुलिस ने बताया कि डोडा पुलिस थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है.

By Yogesh Kumar Sahu