सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा के पास आतंकियों के दो मददगारों को किया ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Jun 2022 08:53 PM
सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा के पास आतंकियों के दो मददगारों को किया ढेर

ऑडियो सुनें

श्रीनगर. सेना ने जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा के नजदीक आतंकवादियों के दो संदिग्धों मददगारों (ओजीडब्ल्यू) को मार गिराया. पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतकों की पहचान माजिद चेची और शम्सुद्दीन बेग के तौर पर हुई है. उन्होंने कहा कि संभवत: वे सोमवार देर रात हथियार तथा मादक पदार्थों की खेप लेने और आतंकवादियों की घुसपैठ में मदद करने आए थे.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सेना से मिली सूचना के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब सवा 12 बजे गश्ती दल ने कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में इंडिया गेट- बिचू इलाके में बाड़ के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं. उनके मुताबिक, संदिग्धों को सेना के गश्ती दल ने ललकारा. प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद संदिग्धों ने गश्ती दल पर गोलीबारी कर दी जिसका जवाब दिया गया. उन्होंने बताया कि इसके बाद खोजबीन के दौरान दो व्यक्ति मृत मिले.

प्रवक्ता के मुताबिक, उनके शवों के साथ ही चार एके राइफल, आठ मैगजÞीन और मादक पदार्थों के दो पैकेट भी मिले हैं. उन्होंने बताया कि बाड़ के दूसरी ओर, दो और एके राइफल, मैंगजÞीन, और चार ग्रेनेड मिले हैं. उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है.

By Yogesh Kumar Sahu