राजद के लोगों ने आडवाणी की रथ यात्रा रोककर पाप किया था: योगी आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Oct 2025 07:54 PM
राजद के लोगों ने आडवाणी की रथ यात्रा रोककर पाप किया था: योगी आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

सिवान/भोजपुर/बक्सर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद के लोगों ने करीब 35 साल पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की राम रथ यात्रा को रोक कर “पाप” किया था.

भाजपा नेता ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान सिवान, भोजपुर और बक्सर जिलों में लगातार तीन सभाओं को संबोधित किया.
उन्होंने लालू प्रसाद के नाम लिए बगैर 1990 में समस्तीपुर की उस घटना का जिक्र किया, जिस पर राजद प्रमुख अपनी ‘धर्मनिरपेक्ष’ छवि के प्रमाण के रूप में अक्सर गर्व जताते रहे हैं.

योगी ने दावा किया, “अयोध्या में राम मंदिर निर्माण ने उस कलंक को मिटा दिया जिससे देश 500 वर्ष तक व्यथित था. लेकिन राजद के लोगों ने भगवान राम की रथ यात्रा को रोक कर पाप किया था.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया, “राजद की सहयोगी कांग्रेस दावा कर चुकी है कि भगवान राम का अस्तित्व ही नहीं था.” उनका इशारा वर्ष 2007 में उच्चतम न्यायालय में दायर एक हलफनामे की ओर था, जब केंद्र में कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार थी. योगी ने 1989 की उस घटना को भी उठाया, जब उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे.

उन्होंने कहा, “कांग्रेस-राजद के सहयोगी समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर गोली चलवाने का आदेश दिया था.” सिवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र की एक रैली में योगी ने राजद उम्मीदवार ओसामा शहाब का जिक्र किया और उनके दिवंगत पिता मोहम्मद शहाबुद्दीन को “देश-विदेश में कुख्यात” बताते हुए कहा कि राजद “जंगल राज” वापस लाना चाहता है.

उन्होंने कहा, “इस जिले ने वह भयावह घटना देखी है जिसमें लोगों पर अम्ल (एसिड) डालकर उनकी हत्या कर दी गई थी. अब उसी परिवार के सदस्य को चुनाव मैदान में उतारकर राजद पुराने दिनों को वापस लाना चाहता है.” भाजपा के इस आरोप को दोहराते हुए कि ‘इंडिया’ गठबंधन तुष्टीकरण की राजनीति करता है, योगी ने कहा, “कांग्रेस और राजद, औरंगज.ेब की मजार पर सजदा करने वाली पार्टियां हैं.ऐसी ताकतों को सत्ता में मत आने दीजिए.” उन्होंने कहा, “बिहार की महिलाएं डबल इंजन सरकार की सहायता से सशक्त हो रही हैं, जो विकास और महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी देती है.”

योगी ने दावा किया, “डबल इंजन की राजग सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है. बिहार में राजग की सरकार कर्पूरी ठाकुर, जगजीवन राम, राजेंद्र प्रसाद और जयप्रकाश नारायण जैसे नेताओं के आदर्शों पर चल रही है.” उन्होंने कहा, “2005 से पहले ‘सबका साथ, परिवार का विकास’ होता था.” उन्होंने आरोप लगाया कि राजद बिहार के सीताम­ढ़ी में देवी सीता के मंदिर के निर्माण का विरोध कर रहा है. योगी कहा कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम को बिहार के सीताम­ढ़ी से जोड़ने का कार्य 6,100 करोड़ रुपए की लागत से जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu