‘करप्शन, क्राइम और कम्युनलिज्म’ से समझौता नहीं, अपराधी सलाखों के पीछे होंगे: तेजस्वी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Oct 2025 08:08 PM
‘करप्शन, क्राइम और कम्युनलिज्म’ से समझौता नहीं, अपराधी सलाखों के पीछे होंगे: तेजस्वी
ऑडियो सुनें

मुजफ्फरपुर/दरभंगा. बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी ने बुधवार को कहा कि उन्हें यदि सत्ता में आने का मौका मिला तो ‘करप्शन, क्राइम और कम्युनलिज्म’ (भ्रष्टाचार, अपराध और सांप्रदायिकता) से समझौता नहीं किया जाएगा तथा उनकी परछाई भी गलत काम करेगी तो उसे भी सजा मिलेगी.

उन्होंने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात में फैक्ट्री खोलते हैं, लेकिन ‘विक्ट्री’ (जीत) बिहार में चाहते हैं. राष्ट्रीय जनता दल के नेता ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुजफ्फरपुर और दरभंगा में दो संयुक्त सभाओं को संबोधित किया. तेजस्वी ने दरभाग की जनसभा में कहा, “प्रधानमंत्री की दिलचस्पी गुजरात में फैक्ट्री लगाने में है लेकिन बिहार में विक्ट्री चाहिए. यह नहीं होने वाला है.” उन्होंने अपने चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा, “हम बिहार सरकार के सभी संविदाकर्मी कर्मचारियों को स्थायी करेंगे.” राजद नेता ने दावा किया कि राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा हाल में उठाए गए कई जनकल्याणकारी कदम उनकी घोषणाओं की नकल हैं.

उनका कहना था, “हमने 200 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था. सत्ता में बैठे लोग डर गए कि यह जनता को पसंद आएगा, इसलिए उन्होंने 125 यूनिट मुफ्त कर दिया.” तेजस्वी ने महिलाओं पर केंद्रित अपनी ‘माई बहन योजना’ का जिक्र करते हुए इसकी तुलना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ से की, जिसके तहत 1 करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते में 10,000 रुपए भेजे गए हैं. महागठबंधन ने ‘माई बहन योजना’ के तहत ढाई हजार रुपये प्रति माह देने का वादा किया है.

उन्होंने दावा किया, “हम सहायता देने की बात कर रहे हैं. सरकार जो दे रही है, वह उधार है, जिसे ब्याज सहित वापस वसूला जाएगा.” तेजस्वी ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी कटाक्ष किया और कहा, “राज्य की सरकार रिमोट कंट्रोल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चला रही है.” उन्होंने कहा, “हमें बिहारी होने के नाते उस सरकार को बाहर करना है जिसे बाहरियों (बाहरी) द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है, जो वोट तो बिहार में मांगते हैं लेकिन फै्ट्रिरयां गुजरात में लगाना चाहते हैं.” अपने परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोपों और राजद शासन को ‘जंगलराज’ बताने वाली राजग की आलोचनाओं के मद्देनजर तेजस्वी ने सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार और अराजकता पर समझौता न करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

उन्होंने एक बार फिर यह वादा किया कि राज्य के हर परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि जनता की आकांक्षाएं अब “छक्का मारकर उछलने वाली गेंद” की तरह ऊंची होंगी. युवा नेतृत्व की अपनी छवि को उभारने के लिए टी-शर्ट में प्रचार कर रहे तेजस्वी ने ‘युवा की सरकार’ के नारे भी लगवाए. राजद नेता ने कहा, “हम नया बिहार बनाएंगे. हम किसी को भी राज्य में साम्प्रदायिक नफरत फैलाने नहीं देंगे.” तेजस्वी ने मुजफ्फरपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जनता से आग्रह किया कि उन्हें एक मौका दिया जाए और वह अपने ‘प्रण’ को पूरा करने के लिए प्राण न्यौछावर कर देंगे.

उनका कहना था, ”सरकार बनने पर जो भी अपराध करेगा, उसे तेजस्वी सलाखों के पीछे भिजवाएगा, चाहे वह अपना हो या पराया. ‘करप्शन, क्राइम और कम्युनलिज्म’ से तेजस्वी समझौता नहीं करेगा. तेजस्वी की परछाई भी गलत काम करेगी तो उसे भी सजा मिलेगी.” उनका कहना था, ”मैं जो कहता हूं वह करता हूं. सत्ता में रहते हुए हमने सभी जाति और धर्म के पांच लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दिलवाईं.” उनका कहना था, ”यह मेरा प्रण है कि जिस घर में सरकारी नौकरी नहीं है, उसमें से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी. इस प्रण को पूरा करने के लिए प्राण भी न्यौछावर करना पड़े, तो करेंगे.” उन्होंने महागठबंधन के कई दूसरे चुनावी वादों को भी दोहराया. राजद नेता ने कहा, ”मोदी जी, आपने सिर्फ बिहार के लोगों को ठगने का काम किया. तेजस्वी टूटी, फूटी और झूठी बातें नहीं करता. तेजस्वी की उम्र जरूर कच्ची है, लेकिन जुबान पक्की है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu