ज्यादातर एग्जिट पोल ने राजग की जीत संभावना जताई थी, ‘पोल डायरी’ का अनुमान सटीक रहा

नयी दिल्ली. बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के मतदान के बाद आए ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का अनुमान जताया गया था, लेकिन एक को छोड़कर शेष सर्वेक्षण सत्तारू­ढ़ गठबंधन की इतनी बड़ी जीत की संभावना जताने में विफल रहे थे. ‘पोल डायरी’ इकलौती ऐसी एजेंसी रही, जिसने राजग के 200 सीट हासिल करने की संभावना जताई थी.

उसका कहना था कि सत्तारू­ढ़ गठबंधन 184 से 209 सीट हासिल करते हुए 2010 के विधानसभा चुनाव की तरह प्रदर्शन कर सकता है.
इसके सर्वेक्षण में कहा गया कि विपक्षी महागठबंधन को 32 से 49 सीट से ही संतोष करना पड़ सकता है. ‘एक्सिस माय इंडिया’ ने अनुमान जताया था कि राजग को 243 सदस्यीय विधानसभा में 43 प्रतिशत वोट के साथ 121 से 141 सीट मिल सकती है, जबकि महागठबंधन को 41 प्रतिशत वोट के साथ 98 से 118 सीट हासिल हो सकती है. ‘टुडेज चाणक्य’ ने अपने एग्जिट पोल में कहा था कि राजग को 160 और महागठबंधन को 77 सीट मिल सकती है.

राजग में जनता दल-यूनाइटेड (जदयू), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) शामिल हैं. वहीं, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वाम दल, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) शामिल हैं.

‘मैट्रिज’ के सर्वेक्षण के अनुसार, राजग 147 से 167 सीट के साथ दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा हासिल कर सकता है. इसके एग्जिट पोल में कहा गया था कि महागठबंधन को 70 से 90 सीटें मिल सकती हैं तथा जन सुराज को शून्य से दो सीट ही मिलने की संभावना है.
‘दैनिक भास्कर’ के सर्वेक्षण में कहा गया था कि राजग को 145 से 160 सीट मिल सकती है, जबकि महागठबंधन को 73 से 91 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था.

‘पीपुल्स पल्स’ के एग्जिट पोल में भी राजग के एक बार फिर से जीत हासिल करने की संभावना जताई गई थी. इस सर्वेक्षण के अनुसार, राजग को 133 से 159 सीट मिल सकती है, जबकि महागठबंधन को 75 से 101 सीट से ही संतोष करना पड़ सकता है.
इस सर्वेक्षण ने जनसुराज को शून्य से पांच सीट मिलने की संभावना जताई थी.

‘चाणक्य स्ट्रेटजीज’ के एग्जिट पोल में कहा गया था कि राजग 130 से 138 सीट के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकता है, जबकि महागठबंधन को 100 से 108 सीट के साथ एक बार फिर विपक्ष में बैठना पड़ सकता है. उसने अन्य दलों को तीन से पांच सीट मिलने का अनुमान जताया था. ‘पोल स्ट्रेट’ के सर्वेक्षण में राजग को 133 से 148 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था, जबकि महागठबंधन को 87 से 102 सीट मिलने का अनुमान किया गया था. उसका कहना था कि अन्य को तीन से पांच सीट मिल सकती है.
राज्य विधानसभा चुनावों के तहत दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान हुआ था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button