महाराष्ट्र में अबतक 40 फीसदी से ज्यादा मतदान; उंगली से स्याही मिटाने का वीडियो वायरल

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 15 Jan 2026 05:08 PM
महाराष्ट्र में अबतक 40 फीसदी से ज्यादा मतदान; उंगली से स्याही मिटाने का वीडियो वायरल
ऑडियो सुनें

मुंबई: महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के लिए मतदान जारी है। बीएमसी के 227 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। कल यानी शुक्रवार को मतगणना होगी और शाम तक नतीजे आने की संभावना है। चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मुंबई में ही 28 हजार के करीब सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

वोट डालने के बाद उंगली से स्याही मिटने के वायरल वीडियो की जांच

महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव के दौरान वोट डालने के बाद उंगली पर लगी स्याही के आसानी से मिट जाने के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र के राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि इन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। चुनाव आयोग मामले की पूरी पड़ताल करेगा और अगर कोई गड़बड़ी पाई गई तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

पुणे नगर निगम चुनाव में कुछ EVM में आई तकनीकी दिक्कत

पुणे नगर निगम (PMC) चुनाव की वोटिंग शुरू होते ही गुरुवार सुबह कुछ जगहों पर EVM मशीनों में तकनीकी खराबी की खबरें आईं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जहां भी मशीनों में समस्या आई, वहां नियम के अनुसार तुरंत नई मशीनें लगाई गईं।

एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पुणे और पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम क्षेत्रों में कुछ EVM अचानक बंद हो गई थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मशीनों में समय करीब 15 मिनट पीछे चल रहा था। बता दें कि पुणे नगर निगम में कुल 41 वार्ड हैं और 165 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं।

कई फिल्मी सितारों ने किया मतदान

फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने BMC चुनाव में मतदान करने के बाद कहा, ‘मैंने वोट डाला और मुझे महाराष्ट्र पर बहुत गर्व है… मैं जो भी हूं मंबई की वजह से हूं इसलिए मेरा कर्तव्य है और सबका कर्तव्य है कि वो वोट देने जरूर आएं।’

फिल्म अभिनेता आमिर खान और अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने भी बीएमसी चुनाव के लिए वोट किया और लोगों से भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लेने की अपील की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital