नयी दिल्ली/लखनऊ. कांग्रेस ने अपने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के एक बयान को कथित तौर पर गलत तरीके से उदयपुर की घटना से जोड़कर पेश किए जाने को लेकर बुधवार को ‘न्यूज ब्रॉडकांिस्टग एंड डिजिटल स्टैंडर्ड अथॉरिटी’ से आग्रह किया कि संबंधित चैनल एवं एंकर के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए.
पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने इस संस्था के अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा है कि सिर्फ ‘जी न्यूज’ और उसके एंकर ने राहुल गांधी के बयान से जुड़े क्लिप को विकृत और दुर्भावनापूर्ण तरीके से पेश किया, जबकि किसी अन्य समाचार एजेंसी और चैनल ने ऐसा नहीं किया. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि चैनल ने अपनी गलती स्वीकार करके यह माना है कि उसने केबल टेलीविजन नेटवर्क अधिनियम, 1995 के प्रावधानों और प्रसारण मानक संहिता का उल्लंघन किया है.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस पार्टी की तरफ से आग्रह करता हूं कि समाचार चैनल और एंकर के खिलाफ त्वरित और उचित कार्रवाई की जाए.’’ कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड स्थित उनके कार्यालय पर एसएफआई के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले के संदर्भ में उसके पूर्व अध्यक्ष ने एक टिप्पणी की, जिसे एक चैनल ने उदयपुर की घटना से जोड़कर पेश कर दिया. बाद में चैनल और उसके एंकर अपनी गलती के लिए माफी मांगी.
मायावती ने जाहिर की एंकर की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ और उप्र पुलिस के बीच खींचतान पर चिंता
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को ‘‘गलत संदर्भ’’ में दिखाते हुए एक समाचार प्रसारित करने के मामले में टेलीविजन समाचार प्रस्तोता की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच हुई खींचतान पर चिंता जाहिर की है.
मायावती ने बुधवार को सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि फर्जी खबर, नफरत फैलाने वाले भाषण, भड़काऊ भाषण आदि को लेकर देश भर में पुलिस कार्रवाई चल रही है और इसी क्रम में उत्तर प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के बीच एक टीवी पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर हुआ टकराव मीडिया की सुर्खियों में है और यह चिंता की बात है. उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा कि इस प्रकार के घटनाक्रमों से कानून का राज नष्ट होता है और आमजन प्रभावित होता है. उन्होंने कहा कि सभी सरकारों को तटस्थ व गंभीर होकर कार्य करना चाहिए तभी लोगों को तनाव व ऐसे वातावरण से मुक्ति मिल पाएगी.