भाजपा ने पंजाब चुनाव के लिए ‘तैयारी’ शुरू कर दी है: केजरीवाल ने ईडी की छापेमारी पर कहा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 15 Apr 2026 12:59 PM
भाजपा ने पंजाब चुनाव के लिए ‘तैयारी’ शुरू कर दी है: केजरीवाल ने ईडी की छापेमारी पर कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अशोक कुमार मित्तल के खिलाफ छापेमारी किए जाने के बीच पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में आगामी चुनाव के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर अपनी ”तैयारियां” शुरू कर दी हैं।

अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने बुधवार को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत पंजाब और हरियाणा में ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य अशोक कुमार मित्तल के कारोबारी और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मोदी जी ने पंजाब में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन पंजाब के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे… वे भाजपा को करारा जवाब देंगे।”

ईडी अधिकारियों के मुताबिक, जालंधर और गुरुग्राम में करीब 10 स्थानों पर फेमा के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसमें फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिर्विसटी (एलपीयू) और गुरुग्राम में स्थित इससे जुड़े दो शैक्षणिक संस्थान टेट्र कॉलेज आॅफ बिजनेस और मास्टर्स यूनियन कॉलेज आॅफ बिजनेस के परिसर भी शामिल हैं।

मित्तल को हाल ही में ‘आप’ का राज्यसभा में उपनेता नियुक्त किया गया है, जहां उन्होंने सांसद राघव चड्ढा की जगह ली है। 61 वर्षीय मित्तल फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिर्विसटी के कुलाधिपति भी हैं। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा पर चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

बहरहाल, भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी छापेमारी की कड़ी ंिनदा करते हुए कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी ”तैयारियां” शुरू कर दी हैं, जहां फिलहाल ‘आप’ की सरकार है।

आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि भाजपा ने पंजाब में चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वह ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का सहारा लिए बिना चुनाव लड़ सकती है? वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि राज्यों में चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है, जिसके बाद भाजपा नेताओं के राजनीतिक दौरे होते हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उस पर निरंकुश तरीके से काम करने का आरोप भी लगाया। बहरहाल, अधिकारियों का कहना है कि यह छापेमारी फेमा के तहत चल रही जांच का हिस्सा हैं और मित्तल से जुड़े विभिन्न कारोबारी परिसरों की तलाशी ली जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav