कांग्रेस ने विप चुनाव में प्रत्याशी न उतारने, शिवसेना (उबाठा) का समर्थन करने की घोषणा की

मुंबई: महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अपना रुख नरम करते हुए उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया और सहयोगी दल शिवसेना (उबाठा) के उम्मीदवार अंबादास दानवे का समर्थन करने का ऐलान किया। यह निर्णय दोनों दलों के नेताओं के बीच लंबी बातचीत के बाद लिया गया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब एक दिन पहले ही महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में दरार के संकेत दिखे थे, जब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस दोनों ने 12 मई को होने वाले विधान परिषद चुनाव में विपक्ष के खाते में आने वाली एकमात्र सीट पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की थी।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि कांग्रेस की राय थी कि शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे को खुद विधान परिषद चुनाव लड़ना चाहिए। लेकिन जब ठाकरे की पार्टी ने अंबादास दानवे को उम्मीदवार बनाया, तो कांग्रेस ने भी चुनाव लड़ने का फैसला किया था। हालांकि, शिवसेना (उबाठा) नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सपकाल से मुलाकात कर कांग्रेस को मनाने की कोशिश की।

सपकाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”हमारा मानना था कि दानवे की उम्मीदवारी पर चर्चा की जरूरत है। अब हम उद्धव जी के फैसले का समर्थन करेंगे और इसे एमवीए का साझा रुख मानेंगे। आने वाले दिनों में हम एमवीए के रूप में भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके बाद यह तय हुआ कि विपक्षी गठबंधन आगामी चुनाव एकजुट होकर लड़ेगा।

राज्य विधानमंडल के उच्च सदन के नौ सदस्य 13 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिनमें शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी शामिल हैं। इन नौ सीटों पर चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 12 मई को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय सीमा बृहस्पतिवार दोपहर तक है।

शिवसेना (उबाठा), राकांपा (शप) और कांग्रेस वाले एमवीए के पास इन चुनावों में केवल एक सीट जीतने की संभावना है। इस बीच, कांग्रेस के फैसले की घोषणा से पहले शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने कहा था कि कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों के अधिकार नहीं छीनने चाहिए। राज्यसभा सदस्य राउत ने कांग्रेस को सलाह दी कि वह व्यापक दृष्टिकोण अपनाए और क्षेत्रीय दलों को साथ लेकर चले, क्योंकि उनकी पार्टी का रुख केंद्र में कांग्रेस के प्रधानमंत्री को देखना है।

राउत ने विश्वास जताया कि दानवे को एमवीए के सभी वोट मिलेंगे। उन्होंने कांग्रेस को याद दिलाया कि महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर शिवसेना (उबाठा) ने उसका पूरा समर्थन किया था। उन्होंने बताया कि शिवसेना (उबाठा) के कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, एआईसीसी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला और महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से अच्छे संबंध हैं। जब उनसे पूछा गया कि उद्धव ठाकरे खुद चुनाव क्यों नहीं लड़ रहे, तो राउत ने कहा, ”यह उनके लिए रोजी-रोटी का सवाल नहीं है। उन्हें मुख्यमंत्री बनने के लिए कहा गया था, इसलिए उन्होंने वह पद संभाला। उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button