मोदी ने कहा गरीब कल्याण योजनाओं के जरिए सीधे गरीबों की मदद, 10 जून को टूटेगा नेहरू का रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का केंद्र गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग का कल्याण रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियां अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित हैं। इसका उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

गरीबों के जीवन को बेहतर करन के लिए योजनाएं

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘12 Years Of Garib Kalyan’ हैशटैग के साथ प्रधानमंत्री ने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और उनकी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जन धन योजना, सीधे लाभार्थी के बैंक खातों में राशि (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य लोगों को सम्मानजनक जीवन और बेहतर अवसर प्रदान करना है।

सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की हर योजना का लक्ष्य नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें सशक्त बनाना रहा है। उन्होंने बताया कि डीबीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार व लीकेज में कमी आई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक के उपयोग से शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनी है और लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी बनाएंगे नया रिकॉर्ड

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। 10 जून को वह लगातार 4,399 दिन तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। इसके साथ ही वह भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे। नेहरू ने पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,398 दिन तक पद संभाला था।

नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल की।

जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता के बाद 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। हालांकि उनका निर्वाचित कार्यकाल 13 मई 1952 से शुरू माना जाता है और 27 मई 1964 तक चला था।

10 जून को 4,399 दिन पूरे होने के साथ प्रधानमंत्री मोदी इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button