
नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक की सोमवार को संविधान क्लब में हुई अहम बैठक में केंद्र सरकार को आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति के मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनसीपी (एससीपी) सांसद सुप्रिया सुले, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि देश महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों और आर्थिक सुस्ती जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर लाखों लोगों के मतदान अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है और संविधान पर लगातार हमला हो रहा है।
खरगे ने कहा कि विपक्ष ने संसद में एकजुटता दिखाते हुए परिसीमन विधेयक समेत कई विवादित विधेयकों को पराजित किया था और अब इसी एकता को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को डराने और परेशान करने के लिए किया जा रहा है, जबकि गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।



