राजभर बोले- अखिलेश बाबू, अपने सांसदों को कर्नाटक के जिस रिसॉर्ट में ले जाना चाहते हैं, वो हो नहीं पाएगा

लखनऊ: ओपी राजभर ने अपने एक्स अकाउंट से अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने लिखा- अखिलेश बाबू छुप-छुप के मुंबई क्यों जा रहे हो? अरे वहां तो केवल दो ही विधायक हैं, वो टूट जाएंगे तो भी कोई दिक्कत नहीं है। यहां वाले जो भागने की तैयारी में हैं, उन्हें कौन देखेगा?

मानसून सत्र शुरू होने से पहले अपने सांसदों को कर्नाटक के जिस रिसॉर्ट में ले जाना चाहते हैं, वो हो नहीं पाएगा। क्योंकि मैंने जो कहा है न कि सपा में गड़बड़ चल रहा है, ये स्क्रीन शॉट उसका एक नमूनाभर है। बात इससे आगे जा चुकी है।

सपा में टूट की खबरों के बीच राजभर का बड़ा दावा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। उन्होंने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स के जरिए सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए सपा सांसदों के टूटने को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बिना किसी नाम लिए लिखा है कि सपा सांसदों के टूटने वाले गुट का नेतृत्व बागी बलिया की धरती से ताल्लुक रखने वाले एक सांसद करेंगे।

राजभर ने इशारा किया है कि सपा कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में ब्राम्हणों का जिस तरह से तिरस्कार किया गया है, उससे ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है। इस घटना ने आग में घी डालने का काम किया है।

राजभर ने लिखा है कि ‘मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश ट्विटर, एसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगें।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button