नुपुर शर्मा की जुबान काटने के लिए इनाम घोषित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Jul 2022 09:59 PM
नुपुर शर्मा की जुबान काटने के लिए इनाम घोषित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

गुरुग्राम/चंडीगढ़. हरियाणा में नूंह पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा की जुबान काट कर लाने के लिए कथित तौर पर दो करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. शर्मा ने टीवी पर एक परिचर्चा के दौरान पैगंबर मोहम्मद के बारे में विवादास्पद टिप्पणी की थी. सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सलाहेरी निवासी इरशाद प्रधान कथित रूप से इनाम देने का ऐलान कर रहा है. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया.

चंडीगढ़ में, इस मुद्दे पर टिप्पणी करने के लिए कहे जाने पर राज्य के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे तत्व जो देश में शांति में विघ्न डालना चाहते हैं, उनसे सख्ती से निपटा जाएगा.’’ वीडियो में प्रधान एक यूट्बर (यूट्ब पर वीडियो बनाने वाले) से यह कहते देखा जा सकता है कि (नुपुर) शर्मा की जुबान काट कर लाओ और पूरे मेवात क्षेत्र की तरफ से इनाम ले लो. वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया.

वीडियो में व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा, ‘‘ उसकी (शर्मा की) जुबान लेकर आओ और दो करोड़ रुपये ले जाओ. ऐसा करो और अभी पैसे ले लो.’’ नूंह के पुलिस अधीक्षक वरूण सिंगला ने कहा कि पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.

सिंगला ने कहा कि पुलिस का सोशल मीडिया प्रकोष्ठ यह सुनिश्चित कर रहा है कि ऐसी भड़काऊ सामग्री का जिले में प्रसार न हो.
सिंगला ने कहा, ‘‘ लोगों से हमारी अपील है कि इस तरह की सांप्रदायिक सामग्री वाली वीडियो का प्रसार न करें.’’ पुलिस ने कहा कि प्रधान और अन्य के खिलाफ नूंह नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी ने बाद में अपने फेसबुक पेज पर वीडियो अपलोड किया था. उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu