क्या भाजपा सांसदों ने ‘बर्बाद शिक्षा व्यवस्था’ के लिए प्रधान का स्वागत किया: कांग्रेस

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने संसद परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ सांसदों द्वारा पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत किए जाने को लेकर सोमवार को भाजपा पर निशाना साधा और सवाल किया कि पेपर लीक, ”बर्बाद होती शिक्षा व्यवस्था” और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज तथा पैलेट गन के इस्तेमाल के लिए प्रधान की सराहना की जा रही है।

प्रधान शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफे के बाद सोमवार को जब संसद पहुंचे तो भाजपा के कुछ सांसदों उनका स्वागत किया। बिहार के दरभंगा से लोकसभा सदस्य गोपालजी ठाकुर ने उन्हें ‘पाग’ (मिथिला की पारंपरिक टोपी) पहनाई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसको लेकर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा सांसद प्रधान का स्वागत ऐसे किया जा रहा है कि मानो उन्होंने कोई बड़ी उपलब्धि हासिल की हो।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश ने पहले भी देखा है कि प्रधान ने अपने इस्तीफे में पेपर लीक के लिए माफी मांगने के बजाय छात्रों पर ही ”गुमराह होने” का आरोप लगाया था। रमेश ने कहा कि इसके बाद सभी केंद्रीय मंत्रियों ने सोशल मीडिया पर प्रधान की ”वाहवाही” की।
कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”हमारा मानना है कि यह पूरा घटनाक्रम अत्यंत शर्मनाक है और देश के युवाओं का घोर अपमान है।”

उन्होंने भाजपा से स्पष्ट करने को कहा कि पेपर लीक, ”बर्बाद होती शिक्षा व्यवस्था” और छात्रों पर लाठीचार्ज तथा पैलेट गन चलाए जाने के बावजूद क्या प्रधान का काम सराहनीय था। रमेश ने कहा, ”अगर नहीं, तो यह सम्मान किस बात का है? और अगर हां, तो क्या भाजपा देश के युवाओं और छात्रों को यही संदेश देना चाहती है? देश जवाब चाहता है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button