चारधाम यात्रा रुकी, मालदेवता में रिकॉर्ड बारिश दर्ज, हाईवे बंद, कई जगह बाढ़ जैसे हालात, तस्वीरें

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 28 Jul 2026 04:52 PM
चारधाम यात्रा रुकी, मालदेवता में रिकॉर्ड बारिश दर्ज, हाईवे बंद, कई जगह बाढ़ जैसे हालात, तस्वीरें
ऑडियो सुनें

देहरादून: राजधानी देहारदून में पिछले 24 घंटे में मालदेवता में सबसे अधिक 233 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि देहरादून, मसूरी, जोलीग्रांट और उखीमठ समेत कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर भूस्खलन से बंद हो गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं, कई जगह मलबा और बोल्डर गिरने से सड़कें बाधित हुईं, लोगों का रेस्क्यू करना पड़ा और चार जिलों में स्कूल भी बंद आज बंद किए गए हैं। चारधाम यात्रा दो दिन के लिए अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

आयुक्त गढ़वाल मंडल ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से अवरूद्ध होने और भारी वर्षा का अलर्ट के कारण यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आज और कल के लिए चारधाम यात्रा स्थगित की गई है। मौसम अनुकूल होने पर यात्रा पुनः प्रारंभ की जाएगी। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

देहरादून नंदा की चौकी के पास बना नया पुल पहली मानसून की बारिश भी नहीं झेल पाया। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया था। बारिश के बीच पुल का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। हाल ही में तैयार किए गए इस पुल की एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर यातायात रोक दिया गया। वहीं रेंजर्स ग्राउंड के पास भी जलभराव होने से वाहनों को निकलने में भारी मुशिकल हो रही है।

यमुनोत्री पैदल मार्ग का हिस्सा धंसने, हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों के घायल होने, टिहरी में नौ ग्रामीण सड़कों के बंद होने और डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में बरसाती खालों के उफान से हाईवे व रिहायशी इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को खोलने और हालात सामान्य करने में जुटे हैं।

देर रात से जारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हालात बिगड़ गए हैं। राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। वहीं, पाली गाड़ के पास हाईवे पर चट्टानी पत्थर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बाल-बाल बच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

उत्तराखंड में बारिश के चलते कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। देहरादून में मलबा आने, पेड़ गिरने और जलभराव की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि चमोली में 21 ग्रामीण सड़कें बाधित हैं और बदरीनाथ हाईवे कंचन गंगा नाले के पास मलबा आने से बंद है। देहरादून जिले में बारिश के कारण सौड़ा सरोली और मालदेवता क्षेत्र में सड़कों पर मलबा आने से परेशानी बढ़ी है।

सहस्रधारा में पुस्ता टूटने की सूचना है, जबकि पांच से छह स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। दो घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं और सालवाला क्षेत्र में जलभराव हुआ है। कीमाड़ी मार्ग को खोल दिया गया है, जबकि सौड़ा सरोली गांव का ग्रामीण मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। जिलाधिकारी आशीष चौहान मौके का निरीक्षण करने पहुंचे।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav