पटनायक ने ‘राखी’ का वादा निभाया, उनके समर्थन के लिए ऋणी रहूंगी: मुर्मू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Jul 2022 07:22 PM
पटनायक ने ‘राखी’ का वादा निभाया, उनके समर्थन के लिए ऋणी रहूंगी: मुर्मू

ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जब शुक्रवार को अपने गृहराज्य ओडिशा पहुंचीं तो उनका शानदार स्वागत किया गया, जिससे वह भावुक हो गईं. मुर्मू ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनकी उम्मीदवारी के समर्थन की घोषणा कर ‘राखी’ का वादा निभाया. इससे पहले अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया था कि मयूरभंज जिले की रहने वाली आदिवासी नेता मुर्मू जब प्रचार के लिए ओडिशा आएंगी तो उनका ‘‘राजकीय अतिथि’’ की तरह स्वागत किया जाएगा.

विधानसभा परिसर में बीजू जनता दल के विधायकों और सांसदों के साथ बातचीत के दौरान मुर्मू ने कहा, ‘‘मैंने सुभद्रा (बहन) की तरह जगन्नाथ (पटनायक) की कलाई में राखी बांधी थी. बहन के कुछ मांगने से पहले, भाई ने उसे समर्थन देने की घोषणा कर दी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ओडिशा की इस बेटी के प्रति उनके (पटनायक) व्यवहार के लिए मैं उनकी ऋणी रहूंगी.’’ मुख्यमंत्री ने अपने आवास ‘नवीन निवास’ पर मुर्मू के लिए भोज का आयोजन किया था. मुख्यमंत्री आवास के सूत्रों ने बताया कि भोज के दौरान ‘बैगन भाजा’, ‘आलू भरता’ और ‘बड़ी चूड़ा’ तथा दाल चावल जैसे ओड़िया व्यंजन परोसे गए थे.

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बीजद के संसदीय दल के नेता पिनाकी मिश्रा भी नवीन निवास में आयोजित भोज में शामिल हुए.
मुर्मू (64) ने कहा कि वह ओडिशा विधानसभा में दो बार चुन कर आई थीं. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विधायक उनके भाई और बहन की तरह हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनमें से ज्यादातर लोगों के साथ काम किया है. मेरे जाने के बाद जो लोग सदन के सदस्य बने वह भी मेरे भाई और बहन हैं. मैं उन्हें व्यक्तिगत तौर पर तो नहीं जानती लेकिन प्रौद्योगिकी ने हम सभी को एक दूसरे के नजदीक ला दिया है. मैं अपने सभी भाई और बहनों का समर्थन चाहती हूं.’’ राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी ने सभी विधायकों से ओडिशा के विकास के लिए काम करने का आग्रह किया. बीजद के विधायकों से बातचीत के बाद मुर्मू ने भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ एक और बैठक की, जिसमें उन्होंने अपने स्वागत के लिए सभी को धन्यवाद दिया.

उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘‘ओडिशा की बेटी’’ को अन्य दलों के विधायक भी समर्थन देंगे. इससे पहले राज्य में पहुंचने पर मुर्मू का बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत किया गया. इस मौके पर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला विधायक कुसुम टेटे ने आदिवासी नृत्य पेश किया और भुवनेश्वर से पार्टी की सांसद अपराजिता सारंगी ने झांझ बजाई. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा के साथ-साथ कई अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी लाइन से हटकर मुर्मू के स्वागत के लिए हवाईअड्डे पर मौजूद थे.

सारंगी ने कहा, ‘‘मुर्मू रायरंगपुर से रायसीना हिल्स तक की अपनी अभूतपूर्व यात्रा जरूर पूरी करेंगी. देश के सर्वोच्च पद के लिए एक ओड़िया व्यक्ति को चुनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार.’’ मुर्मू के स्वागत में ‘कीर्तन’ गायकों की कई मंडलियों ने भी प्रस्तुति दी. राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के दौरे के मद्देनजर शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

By Yogesh Kumar Sahu