तेजस्वी यादव को किया गया रिहा, राजद ने की कार्यकर्ताओं से अपील- शांतिपूर्ण तरीके से दफ्तर जाएं

बिहार: बिहार में पेपर लीक, छात्रों के आंदोलन और बेरोजगारी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकला आरजेडी का राजभवन मार्च पुलिस कार्रवाई के बाद हंगामे में बदल गया। जेपी गोलंबर से शुरू हुए मार्च में तेजस्वी यादव के साथ बड़ी संख्या में आरजेडी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस की बैरिकेडिंग पार करने के बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।

तेजस्वी को छोड़ा गया, समर्थकों से आरजेडी दफ्तर जाने की अपील

तेजस्वी यादव के रिहा होने के बाद आरजेडी की ओर से समर्थकों से राजभवन जाने के बजाय पार्टी कार्यालय जाने की अपील की गई। हालांकि, इनकम टैक्स चौराहे पर आरजेडी समर्थक अब भी डटे हुए हैं। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में जुटी है। आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से बैरिकेडिंग हटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका मार्च इनकम टैक्स चौराहे तक ही था और अब सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से आरजेडी कार्यालय जाना चाहते हैं।

 

सरकार डर गई, इसलिए तेजस्वी को हिरासत में लिया’

सुनील कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार डर गई, इसी वजह से तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि आरजेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण तरीके से पार्टी कार्यालय जाने दिया जाए। उन्होंने कहा, “हम लोगों का मार्च इनकम टैक्स तक ही था। अब पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि हम लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से आरजेडी दफ्तर जाने दिया जाए।”

 

बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद वाटर कैनन का इस्तेमाल

राजभवन मार्च की शुरुआत पटना के जेपी गोलंबर से हुई थी। मार्च में आरजेडी के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी थी। तेजस्वी यादव अपने समर्थकों के साथ बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए।

इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए जाने के दौरान उन्होंने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। तेजस्वी ने कहा, “हमारे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी जेल में ही हुआ था।”

‘सम्राट चौधरी के आदेश पर सब कुछ हुआ’

तेजस्वी यादव ने पुलिस कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “सम्राट चौधरी के आदेश पर सब कुछ हुआ है। सरकार को झुकना ही पड़ेगा। ऐसे काम चल नहीं पाएगा।” वहीं पुलिस की कार्रवाई के बाद समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई। पुलिस ने दोबारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और इनकम टैक्स चौराहे पर लगाई गई बड़ी बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।

 

‘सरकार डरी हुई है’

तेजस्वी यादव ने कहा, “सरकार डरी हुई है। हम छात्रों के मुद्दे को लेकर तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे। हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। हम जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। छात्रों के अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहेंगे, बेरोजगारी को खत्म करने, पेपर लीक रोकने और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की लड़ाई जारी रहेगी।”

आरजेडी सांसद मीसा भारती को पुलिस ने हिरासत में लिया

आरजेडी सांसद मीसा भारती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हिरासत में लिए जाने के दौरान उन्होंने कहा, “बिहार के छात्र जेल जाने के लिए तैयार हैं, लेकिन अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। जब तक सीवान के जिलाधिकारी को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। आरजेडी और बिहार की जनता भी पीछे हटने वाली नहीं है। आने वाले दिनों में सरकार चाहे तो गोलियां चलाने का आदेश भी दे दे, लेकिन छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकेगी।”

जेपी गोलंबर से शुरू हुआ मार्च
राजभवन मार्च के लिए आरजेडी के सांसद, विधायक, विधान पार्षद, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जेपी गोलंबर पर जुटे। तेजस्वी यादव ने मार्च शुरू करने से पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण को नमन किया। इसके बाद वह कार्यकर्ताओं के साथ राजभवन की ओर रवाना हुए। पुलिस ने डाकबंगला चौराहे के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई थी। यहीं से मार्च को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की गई।

बैरिकेडिंग के बाद वाटर कैनन, तेजस्वी हिरासत में
डाकबंगला चौराहे पर पुलिस की बैरिकेडिंग के बावजूद तेजस्वी यादव और आरजेडी कार्यकर्ता आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए जाने के दौरान तेजस्वी ने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का जिक्र करते हुए कहा कि उनके भगवान का जन्म भी जेल में ही हुआ था।

मीसा भारती ने भी सरकार पर साधा निशाना
आरजेडी सांसद मीसा भारती भी तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकले मार्च में शामिल हुईं। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों-युवाओं की समस्याओं को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा। मीसा भारती ने कहा कि उन्होंने सुना है कि बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में छात्रों के खिलाफ एके-47 के इस्तेमाल की बात स्वीकार की है। उन्होंने सवाल किया कि प्रदर्शन के दौरान एके-47 के इस्तेमाल की अनुमति किसने दी थी। मीसा भारती ने कहा कि अगर इसकी अनुमति जिला मजिस्ट्रेट ने दी थी तो उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिहार के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

एके-47 फायरिंग पर तेजस्वी ने मांगा जवाब
तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई कथित एके-47 फायरिंग को लेकर सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि छात्रों पर एके-47 से गोली चलाने का आदेश किसने दिया था। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और गोलीबारी की गई। उनके मुताबिक, सीवान में तीन लोगों को गोली लगी थी और उनका इलाज पटना के मेदांता अस्पताल में कराया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपी जवान के पास एके-47 कैसे पहुंची, हथियार किस यूनिट या शस्त्रागार से जारी हुआ और उसे जारी करने का आदेश किस अधिकारी ने दिया। तेजस्वी ने हथियार जारी करने से लेकर फायरिंग के आदेश तक की पूरी कमांड चेन सार्वजनिक करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button