जारकीहोली के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी: कांग्रेस बोली- सरकार अस्थिर करने की कोशिश; भाजपा पर क्यों भड़की?

कर्नाटक के लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली के आवास और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की तलाशी गुरुवार को लगातार दूसरे दिन जारी रही। बेलगावी में मंत्री के परिवार के सदस्यों और उनके करीबियों से जुड़े कई ठिकानों पर भी जांच एजेंसी ने तलाशी ली। यह कार्रवाई कथित अवैध विदेशी निवेश से जुड़ी जांच के तहत की जा रही है।

गोकाक के घर पर मौजूद थीं पत्नी और बेटी
ईडी अधिकारियों ने गोकाक स्थित सतीश जारकीहोली के आवास की भी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनकी पत्नी और बेटी तथा सांसद प्रियंका जारकीहोलीघर पर मौजूद थीं। इसके अलावा बेलगावी में मंत्री के परिवार के सदस्य वाई. मंजूनाथ के आवास पर भी ईडी अधिकारियों ने तलाशी ली।
करीबी सहयोगी और निजी सचिव के घर भी जांच
जांच का दायरा सतीश जारकीहोली के करीबी लोगों तक भी रहा। अधिकारियों ने मंत्री के करीबी सहयोगी बताए जा रहे गिरीश सोनावलकर के घर की तलाशी ली। इसके साथ ही सतीश जारकीहोली के निजी सचिव मालागौड़ा पाटिल के आवास पर भी ईडी की कार्रवाई हुई।
जांच के दौरान क्या-क्या हुआ?

    • ईडी ने मंत्री के आवास के अलावा परिवार के सदस्य, करीबी सहयोगी और निजी सचिव से जुड़े ठिकानों की भी तलाशी ली।
    • जांच के दौरान अधिकारियों ने सतीश जारकीहोलीके चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को भी समन किया। अधिकारियों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से वित्तीय और लेखा-जोखा से जुड़ी जानकारी मांगी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने एक प्रिंटर और कुछ दस्तावेज भी जब्त किए।

चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को क्यों किया गया समन?
जारी जांच के बीच ईडी ने सतीश जारकीहोलीके चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रदीप कुमार इंदी और सैदप्पा गडागी को भी समन किया। अधिकारियों ने दोनों से वित्तीय और अकाउंटिंग से जुड़ी जानकारी मांगी। ईडी की यह कार्रवाई कथित अवैध विदेशी निवेश से जुड़ी जांच के बीच की जा रही है।

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर क्या आरोप लगाया?
ईडी की लगातार जारी तलाशी के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। धारवाड़ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सदानंद डंगनावर ने कहा कि ईडी की कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस के मंत्रियों और मुख्यमंत्री के कामकाज की सफलता को पचा नहीं पा रही है।

सदानंद डंगनावर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ‘ईडी ने कल मंत्री सतीश जारकीहोली के घर और उनके रिश्तेदारों के घरों पर जो छापेमारी की, वह पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से की गई है। भाजपा कांग्रेस के मंत्रियों और मुख्यमंत्री के काम करने के तरीके और उनकी सफलता को पचा नहीं पा रही है। वे इसे पचा नहीं पा रहे हैं। इसलिए अमित शाह और प्रधानमंत्री इस तरह से सरकार को अस्थिर करना चाहते हैं। वे सरकार को अस्थिर करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।’

‘कांग्रेस सरकार को अस्थिर नहीं कर पाएंगे’
डंगनावर ने दावा किया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पूरी तरह एकजुट है और केंद्रीय कार्रवाई से उसे अस्थिर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री मिलकर काम कर रहे हैं और राज्य के हित में फैसले ले रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button