हजारिका की जन्मशती पर सालभर आयोजित कार्यक्रमों का समापन समारोह 29 नवंबर को दिल्ली में होगा: हिमंत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 28 Sep 2026 03:45 PM
हजारिका की जन्मशती पर सालभर आयोजित कार्यक्रमों का समापन समारोह 29 नवंबर को दिल्ली में होगा: हिमंत

ऑडियो सुनें

 गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि दिग्गज गायक भूपेन हजारिका की जन्मशती के उपलक्ष्य में सालभर किए गए कार्यक्रमों का समापन समारोह 29 नवंबर को नयी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में हजारिका की जन्मशती मनाने के लिए असम और देश के विभिन्न हिस्सों के कलाकार एकत्र होंगे।

उन्होंने कहा, ”एक ऐसी आवाज, जिसने असम को भारत और भारत को दुनिया तक पहुंचाया। एक ऐसी आवाज, जिसने हमें एकजुट किया। 29 नवंबर को नयी दिल्ली का भारत मंडपम महान डॉ. भूपेन हजारिका के संगीत और उनकी भावना से उस समय जीवंत हो उठेगा, जब असम और देशभर के कलाकार उनकी जन्मशती मनाने के लिए एक साथ आएंगे।” शर्मा ने कहा कि यह महान कलाकार आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं और उनका संगीत हमेशा अमर रहेगा।

हजारिका की जन्मशती के अवसर पर सालभर कई समारोह आयोजित किए गए। इनकी शुरूआत पिछले वर्ष उस समय हुई थी जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर हजारिका के सम्मान में 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया था और महान संगीतकार की जीवनी ‘भारत रत्न भूपेन हजारिका’ का विमोचन किया था। हजारिका का जन्म आठ सितंबर 1926 को असम के तिनसुकिया जिले के सदिया में हुआ था। उनका निधन पांच नवंबर 2011 को मुंबई में हुआ। उन्हें 2019 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

By Nandkishoryadav