नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ सरकार के प्रोत्साहन से रायपुर में आगामी 7—8 अक्टूबर को जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक 70 से ज्यादा कंपनियों के शामिल होने की जानकारी है। इसमें सिर्फ छत्तीसगढ़ में ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में नौकरी के अवसर उपलब्ध होंगे। कंपनियों की ओर से उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर कैंडीडटेस का चयन किया जाएगा। रोजगार विभाग के पोर्टल पर दर्ज रिक्तियों में अलग-अलग पदों और कार्यस्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
बताया जाता है कि छत्तीसगढ़ में 5 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रहने वाले कैंडीडटेस अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे। रायपुर के अलावा अन्य जिलों में भी कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रोजगार विभाग के पोर्टल पर दर्ज रिक्तियों में गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में कार्यस्थल शामिल हैं। ऐसे में कैंडीडटेस अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार दूसरे राज्यों में उपलब्ध नौकरियों के लिए भी चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। अलग-अलग कंपनियों की जरूरत के मुताबिक शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य पात्रता निर्धारित हो सकती है। युवा रोजगार विभाग के पोर्टल पर जाकर दर्ज रिक्तियों के आधार पर जॉब फेयर में आ सकते हैं जहां कंपनियां कैंडीडटेस का चयन कर सकेंगी।