Amitabh Bachchan’s birthday : बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन मना रहे हैं अपना 84वां जन्मदिन..वीआईपीज ने दी बधाईयां…बिग बी ने एक्सटेंडेड फैमिली से मांगी माफी

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sun, 11 Oct 2026 10:53 AM
Amitabh Bachchan’s birthday : बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन मना रहे हैं अपना 84वां जन्मदिन..वीआईपीज ने दी बधाईयां…बिग बी ने एक्सटेंडेड फैमिली से मांगी माफी
ऑडियो सुनें

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 11 अक्टूबर 1942 को इलाबाहाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उनके जन्मदिन पर देश के वीवीआईपीज की बधाईयों, शुभकामनाएं देने का तांता लगा हुआ है। 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने लिखा कि “भारतीय सिनेमा के महान प्रतीक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप मनोरंजन की दुनिया में अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा, समर्पण और स्थायी योगदान से हमें प्रेरित करते रहें। आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्राप्त हो, यही ईश्वर से प्रार्थना।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता अमिताभ बच्चन, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीरामजी आपको उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु प्रदान करें, यही कामना है।”

उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अपने अद्भुत अभिनय से हम सब के बीच में अमिट छाप छोड़ने वाले प्रयागराज के गौरव, सदी के महानायक, महान अभिनेता अमिताभ बच्चन आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, “सदी के महानायक, बॉलीवुड के शहंशाह एवं पद्म विभूषण से सम्मानित अमिताभ बच्चन, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”

एक्सटेंडेड फैमिली से मांगी माफी

हर साल की तरह इस साल भी उनके बंगले जलसा के बाहर फैंस का हुजूम उमड़ा था लेकिन महानायक शनिवार को अपने फैंस से मिल नहीं पाए। इसके लिए उन्होंने अपनी एक्सटेंडेड फैमिली यानी ईएफ फैमिली से माफी मांगी है और कहा है कि वह आज रविवार को जलसा गेट पर सबसे मिलेंगे। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए फैंस से अपनी दिल की बात साझा की।

उन्होंने लिखा, “पूरी ईएफ फैमिली से माफी चाहता हूं कि आपको ‘जलसा’ गेट पर इतनी देर तक इंतजार करना पड़ा और मैं बाहर नहीं आ पाया। लेकिन.. कल संडे की मुलाकात में.. अरे.. कल तो आ ही गया है.. तो दिन में थोड़ी देर बाद मिलेंगे.. और माफी मांगूंगा।” दरअसल, अमिताभ बच्चन अपने फैंस को अपनी एक्सटेंडेड फैमिली मानते हैं। पिछले चार दशकों से भी ज्यादा समय से यह परंपरा चली आ रही है कि हर रविवार को बिग बी अपने घर जलसा के गेट पर आकर फैंस से मिलते हैं, उनका अभिवादन करते हैं। उनके जन्मदिन पर यह नजारा और भी खास होता है, जब देशभर से लोग उनकी एक झलक पाने के लिए मुंबई पहुंचते हैं।

अपने ब्लॉग में बिग बी ने जन्मदिन के पहले की शाम को यादगार बताया। उन्होंने लिखा, “वे इसे सरप्राइज, अपनापन और शालीनता से भर देते हैं.. एक बहुत ही यादगार शाम और सुबह के लिए.. और यह एहसास आपके साथ बना रहता है क्योंकि मेरे जैसे लोगों के लिए, ऐसी शाम का मतलब यही होता है।” उन्होंने लिखा, “अकेलापन विचार लाता है.. इस शाम ने वे सभी विचार सामने ला दिए, जो अब तक अकेलेपन में दबे हुए थे.. हमेशा संजोकर रखने लायक।”

84 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन की ऊर्जा और फैंस के प्रति उनका समर्पण वैसा ही है। जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक हस्तियों तक ने उन्हें बधाई दी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group