सीहोर, मध्य प्रदेश : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और इससे नाराज होकर कार्यवाही के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं।
सीहोर जिले के बुधनी में बुलडोजर कार्रवाई से राजनीतिक पारा उफान पर है। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलने और फसलें नष्ट होने का मामला अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रभावित आदिवासी परिवारों के बीच पहुंचे। कार्रवाई से नाराज शिवराज ने मुख्य सचिव को फोन कर जवाब मांगा और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही। प्रभावित परिवारों के साथ उनके धरने पर बैठने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा- मेरे क्षेत्र में अन्याय की इंतहा हुई है… तुम्हारे बच्चे नहीं हैं क्या…?
शिवराज सिंह पहले भी जिले के अधिकारियों पर प्रोटोकॉल का पालन न करने और विकासकार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया था। मप्र.के मुख्यमंत्री मोहन यादव बनाम पूर्व सीएम शिवराज सिंह अब आर-पार के मूड में हैं।