आइएएस के नाम पर फर्जी एकाउंट बनाकर 88 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफतार, जानिए कैसे मिली पुलिस को सफलता

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Mon, 19 Oct 2026 05:48 PM
आइएएस के नाम पर फर्जी एकाउंट बनाकर 88 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफतार, जानिए कैसे मिली पुलिस को सफलता
ऑडियो सुनें

साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत राजधानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

साइबर थाना रायपुर की टीम ने दो अलग-अलग साइबर अपराधों में शामिल दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर धोखाधड़ी की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

वहीं दूसरे आरोपी को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 88 लाख रुपए की ठगी के मामले में पकड़ा गया है। जांच में आरोपियों से जुड़े बैंक खाते के खिलाफ देश के विभिन्न 11 थाना और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराधों में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो अलग-अलग मामलों की जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने फेसबुक, गूगल, मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों, बैंक खातों और व्हाट्सएप से प्राप्त जानकारी का विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

शिकायतकर्ता सुशांत पनका ने पुलिस को सूचना दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आईएएस अधिकारी के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई है। शिकायत के आधार पर राखी थाना में अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 336(3) और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने फेसबुक, गूगल और मोबाइल कंपनियों से मिली जानकारी का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी अर्जुन कुमार जाटव (23 वर्ष), निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अर्जुन कुमार जाटव अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने और धोखाधड़ी की गतिविधियों में शामिल था। आरोपी के मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कई महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस अब इन खातों और उनसे जुड़ी गतिविधियों की जांच कर रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group