शेयर बाज़ार में आज निवेशकों को बड़ा झटका लगा। सेंसेक्स 876 अंक से ज़्यादा गिरा, जबकि निफ्टी भी 22,900 के नीचे बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक 3.85 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, एनटीपीसी और एचडीएफसी बैंक नुकसान में रहने वाले प्रमुख शेयर में शामिल रहे। निजी बैंकों के सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे निवेशकों को उत्साहित करने में विफल रहे। एचडीएफसी बैंक का शेयर दो प्रतिशत से अधिक टूट गया।
दूसरी ओर, अदाणी पोर्ट्स, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले तीन पैसे टूटकर 94.92 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपये पर दबाव रहा। रुपये में सोमवार को आई गिरावट के साथ ही इसमें लगातार छह कारोबारी सत्रों से जारी तेजी थम गई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.90 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.75 के उच्चस्तर तक गया और 94.97 के निचले स्तर तक आया।
रविवार को भी खुलेगा शेयर बाजार
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने रविवार, 8 नवंबर 2026 को होने वाले दिवाली मुहूर्त ट्रेडिंग के स्पेशल सेशन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस दिन शेयर बाजार में सामान्य कारोबार दोपहर 2:20 बजे से शुरू होकर 3:30 बजे तक चलेगा। हालांकि, इससे पहले प्री-ओपन सेशन और ब्लॉक डील समेत कई खास सेशन भी आयोजित किए जाएंगे। मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान अलग-अलग सेगमेंट में कारोबार का समय अलग रहेगा। ऐसे में अगर आप इस खास मौके पर शेयर खरीदने या बेचने की योजना बना रहे हैं, तो पहले पूरा टाइम टेबल जान लेना जरूरी है।
मुहूर्त ट्रेडिंग 2026 की मुख्य टाइमिंग
एनएसई के मुताबिक, मुहूर्त ट्रेडिंग के मुख्य सेशन से पहले प्री-ओपन ऑर्डर एंट्री का समय दोपहर 2:05 बजे से 2:15 बजे तक रहेगा। इसके बाद 2:15 बजे से 2:17 बजे तक ऑर्डर मैचिंग और ट्रेड कन्फर्मेशन होगा। फिर 2:17 बजे से 2:20 बजे तक का बफर पीरियड रहेगा। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे से शेयर बाजार में सामान्य कारोबार शुरू हो जाएगा। जिन सिक्योरिटीज पर क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) लागू नहीं होता, उनमें कारोबार दोपहर 3:30 बजे तक चलेगा। वहीं, CAS वाली सिक्योरिटीज के लिए सामान्य कारोबार का समय 3:15 बजे तक रहेगा।
क्लोजिंग ऑक्शन और पोस्ट-क्लोज सेशन का शेड्यूल
मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बाजार बंद होने से पहले भी कुछ खास प्रक्रियाएं होंगी। क्लोजिंग ऑक्शन सेशन यानी CAS के लिए रेफरेंस प्राइस की गणना और सामान्य कारोबार से CAS में जाने की प्रक्रिया दोपहर 3:15 बजे से 3:20 बजे तक होगी। इसके बाद CAS में ऑर्डर डालने का समय 3:20 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा। ऑर्डर मैचिंग और ट्रेड कन्फर्मेशन की प्रक्रिया 3:30 बजे से 3:35 बजे तक चलेगी। CAS से जुड़ा ट्रांजिशन पीरियड शाम 3:50 बजे तक रहेगा। इसके बाद पोस्ट-क्लोज सेशन 3:50 बजे से 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
प्री-ओपन और CAS में ऑर्डर डालने के नियम
एनएसई ने प्री-ओपन और CAS के ऑर्डर एंट्री पीरियड के लिए कुछ नियम भी बताए हैं। शुरुआती चरण में निवेशक लिमिट और मार्केट, दोनों तरह के ऑर्डर डाल सकेंगे। साथ ही, ऑर्डर में बदलाव करने और उसे कैंसिल करने की सुविधा भी मिलेगी। हालांकि, अगले फेज में केवल लिमिट ऑर्डर डालने की अनुमति होगी। इस दौरान मार्केट ऑर्डर में बदलाव या उसे कैंसिल करने की सुविधा नहीं मिलेगी। एक्सचेंज ने यह भी बताया है कि ऑर्डर एंट्री पीरियड के आखिरी दो मिनट में सिस्टम के जरिए रैंडम तरीके से ऑर्डर डालने का समय बंद किया जा सकता है। इसका मकसद बाजार की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखना है।