मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में 19 महीने के एक नर चीते (KNG22) की गोली लगने से मौत हो गई। इसके बाद केंद्र सरकार ने इस घटना की मौके पर जाकर जांच करने के लिए एक उच्च-स्तरीय टीम भेजी है। यह जानकारी बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।
केएनजी22 चीता 25 अक्तूबर को मुरैना के वन क्षेत्र में, कूनो नेशनल पार्क के संरक्षित इलाके के बाहर घायल अवस्था में मिला था। उसी दिन उसे श्योपुर वन प्रभाग से रेस्क्यू किया गया और जबलपुर के पशु चिकित्सा केंद्र में उसका गहन इलाज और इमरजेंसी सर्जरी की गई।
बयान में क्या बताया गया है?
बयान में आगे कहा गया, ‘सर्जरी के दौरान उसके शरीर से बंदूक की पांच गोलियां निकाली गईं। तमाम चिकित्सा प्रयासों के बावजूद, 27 अक्तूबर 2026 को चीते की मौत हो गई।’ बयान के मुताबिक, इस टीम का काम चीते की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की गहराई से जांच करना, सभी उपलब्ध सबूतों का परीक्षण करना और मध्य प्रदेश वन विभाग के साथ मिलकर काम करना है, ताकि इस मामले में सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए पहले ही एक विशेष कार्य बल का गठन कर दिया है, जिसमें वन विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल हैं।