राजधानी में दो कारों के बीच जबरदस्त भिड़ंत, एक ही परिवार के तीन घायल, एक की मौत, दूसरी कार के चार युवक फरार

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sat, 31 Oct 2026 10:39 AM
राजधानी में दो कारों के बीच जबरदस्त भिड़ंत, एक ही परिवार के तीन घायल, एक की मौत, दूसरी कार के चार युवक फरार
ऑडियो सुनें

राजधानी रायपुर में आधी रात को तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक पर तेज रफ्तार स्कोडा कार और बलेनो कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना में कार चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बलेनो कार में सवार परिवार नया रायपुर में आयोजित भतीजी के विवाह समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान अग्रसेन धाम चौक के पास स्कोडा कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, देर रात स्कोडा कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान उसकी बलेनो कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई दुर्घटना से कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में बलेनो चला रहे नरेंद्र सिंह भसीन की जान चली गई। दुर्घटना में घायल महिला और दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार परिवार रायपुर के श्याम नगर क्षेत्र का निवासी है। परिवार नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने गया था। विवाह समारोह के बाद सभी लोग बलेनो कार से घर लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस परिवार में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां दुर्घटना की खबर से शोक का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे में उन्हें भी चोटें आईं, लेकिन दुर्घटना के बाद चारों कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कोडा कार को जब्त कर लिया है। फिलहाल कार सवार युवकों की तलाश किए जाने की जानकारी सामने आई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group