मुंबई। टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का निधन हो गया है। वे सिर्फ 33 साल के थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सोते समय दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई। उनके दोस्त और साथी रूपेश सोनार ने निधन की पुष्टि की है।
इन सीरियल्स में आए थे नजर
अनुज ठाकुर ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बंधन सात जन्मों का’, ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे कई चर्चित सीरियल्स में दिखाई दिए थे।
रूपेश सोनार ने दी श्रद्धांजलि
रूपेश सोनार ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर अनुज को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि अनुज अब हमारे बीच नहीं हैं। रूपेश के मुताबिक, अनुज उनके लिए सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसे थे। उन्होंने बताया कि दोनों ने साथ में कई प्रोजेक्ट प्लान किए थे और उन्हें अनुज के शुरुआती दिनों का संघर्ष और सफर आज भी याद है।
उन्होंने आगे लिखा कि जिंदगी सच में अनप्रेडिक्टेबल है और यह खबर दिल तोड़ने वाली है। उन्होंने कहा कि अनुज हमेशा याद आएंगे।
कैसे हुआ निधन?
रूपेश को एक दोस्त के जरिए अनुज के निधन की सूचना मिली थी, जिस पर उन्हें पहले यकीन नहीं हुआ। उन्होंने अनुज के परिवार से संपर्क किया। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार से मिलने पर रूपेश को पता चला कि अनुज की मौत सोते समय दौरा पड़ने से हुई।
रोज सुबह जॉगिंग पर जाते थे अनुज
रूपेश सोनार ने बताया कि वे 2008 से अनुज को जानते थे और दस दिन पहले ही दोनों की मुलाकात हुई थी, जो आखिरी साबित हुई। रूपेश ने बताया कि शनिवार को वे अनुज के परिवार से मिले, जहां उन्हें बताया गया कि अनुज को दौरा पड़ा था और उसी दौरान उनका निधन हो गया।
रूपेश के अनुसार, अनुज रोजाना सुबह करीब साढ़े चार बजे उठकर जॉगिंग करते थे। उस सुबह उनका अलार्म साढ़े चार बजे बजा, लेकिन वे नहीं उठे। इसके बाद उनकी मां जगाने के लिए कमरे में गईं, तब पता चला कि अनुज नहीं रहे।