भारत झंडे वाले जहाज पर ओमान में हुए अटैक को लेकर भारत ने सख्त रुख अपनाया है। भारत ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि ये हमले रुकने चाहिए। जिस जहाज पर अटैक हुआ है, उसकी पहचान MSV Al Jusufi के तौर पर हुई है। जिस वक्त इस जहाज पर हमला हुआ, यह जहाज ओमान के तट के पास से गुजर रहा था। बता दें कि कई बार भारत सहित कई देश यह बात कह चुके हैं कि कमर्शियल जहाजों को निशाना न बनाया जाए। लेकिन इसके बाद भी लगातार उन्हें टारगेट किया जा रहा है।
भारत ने स्टेटमेंट में क्या कहा
ओमान के लिमाह के पास कमर्शियल जहाज ‘MSV अल जुसुफी’ पर हुए हमले की भारत निंदा करता है। जहाज पर सवार 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को बचा लिया गया, लेकिन एक भारतीय नागरिक की चोट लगने के कारण दुखद मौत हो गई। हम कीमती जान के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। ओमान में हमारा दूतावास हालात पर बारीकी से नजर रख रहा है। रेस्क्यू किए गए भारतीय नागरिकों के साथ ही मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द वापस लाने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ कॉर्डिनेशन किया जा रहा है।’
कूटनीतिक समाधान निकालने को कहा
भारत ने कमर्शियल जहाजों पर एक के बाद एक हो रहे हमलों पर चिंता जताई। विदेश मंत्रालय ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि भारत तनाव को कम करने के साथ ही इस समस्या का कूटनीतिक समाधान निकालने की गुजारिश करता है। भारत ने कमर्शियल जहाजों और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने पर कड़ी आपत्ति जताई।