मिस्र में दो यात्री ट्रेनों की टक्कर, चार की मौत: मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिण में रविवार को दो यात्री ट्रेनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हुई और 88 लोग घायल हुए। यह दुर्घटना गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में हुई, जो काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दक्षिण में है।
कैसे हुआ हादसा?
परिवहन मंत्रालय के मुताबिक एक ट्रेन दक्षिण-पश्चिमी फय्यूम प्रांत की ओर जा रही थी। इसी दौरान वह दक्षिणी असवान प्रांत की ओर जाने वाली दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद एक ट्रेन पटरी से उतर गई। अधिकारियों ने यह साफ नहीं किया कि दोनों में से कौन सी ट्रेन पटरी से उतरी।
कितने लोगों की मौत और कितने घायल?
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने चार लोगों की मौत और 88 के घायल होने की पुष्टि की है। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मौके पर राहत और बचाव दल तैनात किए गए और क्षतिग्रस्त डिब्बों व मलबे को हटाने के लिए क्रेन भी भेजी गईं।
राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश
राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने हादसे की तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच से जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होगी। मिस्र रेलवे प्राधिकरण ने कहा कि मलबा हटाने और रेल सेवाएं जल्द सामान्य समय-सारिणी के मुताबिक बहाल करने के लिए टीमें काम कर रही हैं।
इसी इलाके में पहले भी हुआ था हादसा
अल-अय्यात जिले में रेल दुर्घटना का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल सितंबर में इसी इलाके में दो मालगाड़ियों की टक्कर हुई थी, जिसमें एक ट्रेन चालक और उसका सहायक घायल हुए थे। ताजा हादसे के बाद इस इलाके में रेल सुरक्षा पर फिर सवाल उठे हैं, हालांकि मौजूदा दुर्घटना के कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेंगे।