भारतीय शेयर बाजार में आम लोगों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। अब लोग सीधे शेयर खरीदने के साथ-साथ म्युचुअल फंड के जरिए भी बाजार में ज्यादा पैसा लगा रहे हैं। सितंबर तिमाही में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्टेड कंपनियों में आम निवेशकों की कुल हिस्सेदारी बढ़कर रिकॉर्ड 19.5 फीसदी हो गई। वहीं, विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी घटकर 21 साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
एनएसई की इंडिया ओनरशिप ट्रैकर रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में आम निवेशकों की कुल हिस्सेदारी पिछली तिमाही के मुकाबले 0.26 प्रतिशत अंक बढ़ी है। इसमें सीधे खरीदे गए शेयरों के साथ म्युचुअल फंड के जरिए किया गया निवेश भी शामिल है। सितंबर के आखिर तक आम निवेशकों के पास सीधे और म्युचुअल फंड के जरिए कुल 90.4 लाख करोड़ रुपये के शेयर थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, शेयर बाजार में सीधे पैसा लगाने वाले आम निवेशकों की हिस्सेदारी लगातार दूसरी तिमाही में बढ़ी है। सितंबर तिमाही में यह 9.5 फीसदी से बढ़कर 9.6 फीसदी हो गई। इस दौरान आम निवेशकों के पास सीधे खरीदे गए शेयरों की कुल कीमत 44.6 लाख करोड़ रुपये थी। इससे पहले दिसंबर 2024 में आम निवेशकों की सीधी हिस्सेदारी 9.8 फीसदी तक पहुंच गई थी। अब यह उस स्तर से सिर्फ 0.2 प्रतिशत अंक पीछे है।
विदेशी निवेशकों से आगे निकले आम निवेशक
भारतीय शेयर बाजार में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। आम निवेशकों की कुल हिस्सेदारी अब विदेशी निवेशकों से ज्यादा हो गई है। एनएसई की रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार आठ तिमाहियों से आम निवेशकों की कुल हिस्सेदारी विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) से ज्यादा बनी हुई है।
यह बदलाव पहली बार 2024 में देखने को मिला था। इससे पहले करीब 20 साल तक विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी आम निवेशकों के मुकाबले ज्यादा रही थी। सितंबर 2026 तिमाही में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी घटकर 14.7 फीसदी रह गई। पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें 0.38 प्रतिशत अंक की गिरावट आई है।
यह पिछले 21 साल में विदेशी निवेशकों की सबसे कम हिस्सेदारी है। करीब साढ़े 17 साल बाद ऐसा हुआ है, जब इनकी हिस्सेदारी 15 फीसदी से नीचे आई है।
आम निवेशकों ने कितने रुपये के शेयर खरीदे?
शेयर बाजार में आम निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ने के पीछे उनकी खरीदारी का भी बड़ा हाथ है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में आम निवेशकों ने 42,700 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी। यह पिछली छह तिमाहियों में सबसे ज्यादा खरीदारी थी। इसके बाद जुलाई-सितंबर तिमाही में भी आम निवेशकों ने 4,900 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 में आम निवेशकों ने सात साल में पहली बार शेयर बाजार से जितना पैसा लगाया था, उससे कुछ ज्यादा पैसा निकाला था।
आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में आम निवेशकों ने शेयर बाजार में करीब 1.66 लाख करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी। हालांकि, 2025 में उन्होंने 5,717 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
इसके बाद 2026 में एक बार फिर खरीदारी बढ़ी है। इस साल जनवरी से अक्टूबर के बीच आम निवेशकों ने 45,912 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की है।
एनएसई की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही में कंपनियों के प्रमोटरों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। प्रमोटर वे लोग या संस्थाएं होती हैं, जिनका कंपनी शुरू करने या उसे चलाने में अहम रोल होता है।
सितंबर तिमाही में एनएसई पर लिस्टेड कंपनियों में प्रमोटरों की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 50.4 फीसदी हो गई। यह पिछली सात तिमाहियों का सबसे ऊंचा स्तर है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय निजी प्रमोटरों और विदेशी प्रमोटरों की हिस्सेदारी बढ़ने से कुल हिस्सेदारी में इजाफा हुआ। हालांकि, इस दौरान सरकार की हिस्सेदारी में थोड़ी कमी आई।
आम निवेशकों के लिए क्या हैं इसके मायने?
एनएसई के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय परिवार अब शेयर बाजार में पहले से ज्यादा पैसा लगा रहे हैं। कुछ लोग सीधे कंपनियों के शेयर खरीद रहे हैं, तो कुछ म्युचुअल फंड के जरिए निवेश कर रहे हैं।
इसका असर कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी पर भी दिख रहा है। दूसरी ओर, विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी लगातार घट रही है।