कर्नाटक के आरोपों के बीच तेल कंपनियों की सफाई: कर्नाटक में पेट्रोल में ज्यादा इथेनॉल मिलाने के आरोपों के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने सोमवार को एक बार फिर ई20 पेट्रोल की गुणवत्ता को सही बताया। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) सहित तेल कंपनियों ने जांच का हवाला दिया, जिसमें ई20 पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 19 से 20 प्रतिशत के बीच पाई गई।
बीपीसीएल ने क्या कहा?
बीपीसीएल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ग्राहकों की मौजूदगी में की गई जांच में पेट्रोल के सैंपल में 19.9 प्रतिशत इथेनॉल दर्ज हुआ। कंपनी ने कहा कि इससे पारदर्शी जांच के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और ईंधन की गुणवत्ता पर भरोसा मजबूत हुआ है। कंपनी ने लिखा, ‘तथ्य सत्यापित, विश्वास मजबूत हुआ।’
एचपीसीएल ने क्या कहा?
एचपीसीएल ने कर्नाटक में सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जांचे गए 56 सैंपलों के नतीजों का हवाला दिया। कंपनी के मुताबिक सभी सैंपलों में औसतन 19.3 प्रतिशत इथेनॉल दर्ज हुआ। एचपीसीएल ने एक्स पर लिखा कि जब दावे सुर्खियां बनाते हैं, तो तथ्यों को अंतिम शब्द मिलना चाहिए। उसने तय जांच विधियों और प्रमाणित संदर्भ सामग्री के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भरोसेमंद नतीजे सिर्फ आंकड़ों पर नहीं, बल्कि इस्तेमाल की गई वैज्ञानिक पद्धति पर भी निर्भर करते हैं।
केंद्र ने कर्नाटक के दावों को खारिज किया था
ये बयान इस महीने की शुरुआत में सरकार द्वारा कर्नाटक के कुछ खुदरा दुकानों पर पेट्रोल में अत्यधिक इथेनॉल मिलाने के दावों को खारिज करने के बाद आए हैं। मंत्रालय ने कहा था कि राज्य में जांचे गए सभी 56 सैंपल तय ई20 मानकों के अनुरूप थे और इथेनॉल 19 से 20 प्रतिशत के बीच था। मंत्रालय ने कर्नाटक में अक्तूबर के दौरान अपनाई गई सैंपलिंग और जांच पद्धति पर सवाल उठाए और कहा कि 26-31 प्रतिशत इथेनॉल मिलावट के दावे तय वैधानिक और तकनीकी प्रक्रियाओं से साबित नहीं होते।
मानक और प्रक्रिया क्या है?
मंत्रालय के अनुसार इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल द्वारा देशभर में, कर्नाटक सहित, आपूर्ति किया जाने वाला ई20 पेट्रोल आईएस 17021 के अनुरूप है, जो इथेनॉल-मिश्रित मोटर गैसोलीन के लिए भारतीय मानक ब्यूरो का मानक है। मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल विनियमन आदेश, 2005, मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस 2024 के साथ मिलकर सैंपल लेने, रखने, जांच करने और परिणाम बताने की प्रक्रिया तय करता है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि अक्टूबर की जांच से जुड़े रिटेंशन सैंपल, आउटलेट-वार जानकारी और लैब रिपोर्ट राज्य स्तरीय समन्वयक के जरिए मांगने के बावजूद ओएमसी को नहीं दी गईं।
देशभर के 893 सैंपल पास
सरकार ने बताया कि देशव्यापी गुणवत्ता निगरानी के तहत 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लिए गए सभी 893 ई20 सैंपलों में इथेनॉल तय 19 से 21 प्रतिशत की सीमा में पाया गया।