शेख हसीना ने किया नए पासपोर्ट के लिए आवेदन: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। वह करीब दो साल पहले विद्रोह के बाद सत्ता से बेदखल होने के बाद से भारत में निर्वासन में रह रही हैं। इस आवेदन को उनके बांग्लादेश लौटने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। हसीना ने इसी महीने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वह हर हाल में दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी।
वकील ने क्या बताया?
एपी के मुताबिक हसीना के एक वकील ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी राजनयिक मिशन को ईमेल भेजकर शीर्ष राजनयिक से उन्हें पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने एपी से कहा कि यह उनकी घर वापसी की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने दावा किया कि पिछले शासन ने हसीना के दस्तावेज रद्द कर दिए थे और अब वह बांग्लादेशी नागरिक के तौर पर अपने मौलिक अधिकार दोबारा हासिल करने की उम्मीद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हसीना दिसंबर तक लौटने के लिए दृढ़ हैं।
बांग्लादेश सरकार का रुख
बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। सरकार पहले उन सुझावों को खारिज कर चुकी है कि देश लौटने के लिए हसीना को नए पहचान दस्तावेजों की जरूरत है। विदेश मामलों के मंत्री हुमायूं कबीर ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सरकार भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को वापस लाना चाहती है। उन्होंने कहा कि हसीना को सौंपा जाएगा और बांग्लादेश-भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि लागू है। हसीना के पासपोर्ट आवेदन पर सरकार की तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
भारत में कब से हैं शेख हसीना?
बांग्लादेश में छात्र नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बाद 5 अगस्त 2024 को हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी। इसके बाद वह भारत आ गईं और तब से यहीं रह रही हैं। उनकी प्रस्तावित वापसी और पासपोर्ट आवेदन से बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है।