ब्रेकिंग : यात्री बस सड़क पर खड़े ट्रेलर से टकराई, दो की मौत, छह घायल, पुलिस जाँच में जुटी

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sun, 15 Nov 2026 12:12 PM
ब्रेकिंग : यात्री बस सड़क पर खड़े ट्रेलर से टकराई, दो की मौत, छह घायल, पुलिस जाँच में जुटी
ऑडियो सुनें

कटघोरा. जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों की खुशियों को मातम में बदल दिया। रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल यात्री बस तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉयल यात्री बस रविवार तड़के रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 3 बजे कटघोरा क्षेत्र के तानाखार स्थित अनूप ढाबा के समीप पहुंचते ही बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

यहां चिकित्सकों ने दो यात्रियों की मौत की जानकारी दी, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। घायलों में एक यात्री की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं, शेष पांच घायलों का उपचार कटघोरा सीएचसी में जारी है।इधर, घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी।

पुलिस हादसे के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। बस की रफ्तार, चालक की संभावित लापरवाही और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर की स्थिति सहित अन्य कारणों की जांच की जा रही है।फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group