हिंदू पंचांग के कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरूआत 13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ के साथ हुई थी। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को सर्मिपत है। इस दौरान श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना करते हैं।
सोमवार सुबह लाखों श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और इसके साथ ही लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ संपन्न हो गया। राज्य की राजधानी पटना में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी के घाटों और अन्य जलाशयों पर पहुंचकर उषा अर्घ्य अर्पित किया और पर्व के अंतिम अनुष्ठान पूरे किए।
जिला प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राजधानी में गंगा नदी के किनारे 100 से अधिक घाटों पर व्यापक इंतजाम किए थे। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न घाटों पर चिकित्सा शिविर भी लगाए गए थे।राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले में अपने विधानसभा क्षेत्र तारापुर में छठ पूजा के अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। चौधरी ने कहा कि उन्होंने बिहार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”उदीयमान भगवान सूर्य को नमन। छठ महापर्व के समापन दिवस पर तारापुर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और बिहार की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। जय छठी मैया।” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पटना स्थित अपने आवास पर छठ पूजा में हिस्सा लिया। उन्होंने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और देशभर के लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
नवीन ने संवाददाताओं से कहा कि छठ पर्व अनुशासन, पवित्रता और स्वच्छता के मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए प्रगति कर रहा है। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मैया से लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा पूरे वर्ष काम करने की शक्ति देने का आशीर्वाद मांगा।
नवीन ने कहा, ”हमने अपना धर्म पूरा कर लिया है, अब कर्म पर ध्यान केंद्रित करेंगे।” उन्होंने पूजा में ईमानदारी और मन की शुद्धता के महत्व पर भी जोर दिया। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरूआत 13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ के साथ हुई थी। हिंदू पंचांग के कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व दीपावली के छह दिन बाद पड़ता है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को सर्मिपत है। इस दौरान श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना करते हैं।
पर्व के पहले दिन श्रद्धालु नदियों और तालाबों में स्रान कर नहाय-खाय का अनुष्ठान करते हैं। दूसरे दिन दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाता है, जबकि चौथे और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होता है।