अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की छेड़छाड़ की गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर कथित तौर पर प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति को मुंबई की अदालत ने प्रक्रियागत चूक के कारण गिरफ्तारी अवैध घोषित करते हुए रिहा करने का आदेश दिया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री की शिकायत पर शुक्रवार को बांद्रा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दिल्ली के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उनकी छेड़छाड़ की गई तस्वीरें साझा की थीं। आरोपी को शनिवार को दिल्ली के शाहदरा इलाके से हिरासत में लिया गया और मुंबई लाया गया, जहां उसे बांद्रा की मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपी की तीन दिन की हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने पाया कि उसे दिल्ली की सक्षम मजिस्ट्रेट अदालत में पेश नहीं किया गया था। बांद्रा अदालत के मजिस्ट्रेट ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना आरोपी को सीधे दिल्ली से मुंबई ले आई।
अदालत ने कहा कि पुलिस दिल्ली में आरोपी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश नहीं करने का संतोषजनक कारण बताने में भी विफल रही।
अधिकारी ने बताया कि प्रक्रियागत चूक को देखते हुए बांद्रा अदालत ने आरोपी की गिरफ्तारी को अवैध घोषित कर उसे रिहा करने का आदेश दिया।