गोवा में पांच साल की एक बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 11 साल के एक लड़के के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत पर बुधवार को उत्तरी गोवा जिले के कैलंगुट पुलिस थाने में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और गोवा बाल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि कथित घटना एक से 18 नवंबर के बीच हुई और इस दौरान बच्ची के माता-पिता कैलंगुट के एक रेस्तरां में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 11 वर्षीय लड़का अक्सर उनके घर आता था और बच्ची तथा उसके भाई के साथ खेलता था और इसी दौरान कथित यौन उत्पीड़न की घटना हुई।
उन्होंने बताया कि बच्ची और नाबालिग लड़के को चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है। मामले की जांच एक महिला पुलिस उपनिरीक्षक वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि 12 साल से कम उम्र की बच्ची के साथ दुष्कर्म, बाल शोषण, गंभीर यौन उत्पीड़न और अन्य अपराधों के आरोप में लड़के के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(2), गोवा बाल अधिनियम की धारा 8(2) और पॉक्सो अधिनियम की धाराओं चार, आठ और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।