प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बीच सोशल मीडिया में एक बड़ा युद्ध छिड़ गया है।
दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार की शाम को वित्त मंत्री श्री चौधरी का एक वीडियो अपलोड किया, यह वीडियो गत 15 नवंबर को आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का है। इस वीडियो पर श्री बघेल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा तक का नाम तो ठीक से ले नहीं पा रहे हैं और मनाने चले हैं जनजातीय गौरव दिवस। जब मन में पाप हो, तो जुबान फिसल ही जाती है। इस वीडियो पर भूपेश ने जनजातीय गौरव दिवस का वीडियो अपलोड कर टिप्पणी की थी।
शुक्रवार रात श्री चौधरी ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी। ओपी चौधरी ने बघेल की टिप्पणी पर जवाबी वार किया। उन्होंने लिखा-
भूपेश बघेल जी! आपने सोशल मीडिया में भगवान बिरसा मुंडा जी का, मुझे लेकर जो वीडियो पोस्ट किया है, यह आपकी घटिया राजनीति के स्तर को बताता है। वैसे आप तो टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग के माहिर और स्तरहीन खिलाड़ी भी हैं। अपने सीबीआई केस के बारे में हमारे छत्तीसगढ़ की जनता को एक बार याद दिलाइएगा तो.. ।
श्री चौधरी ने सवाल उठाते हुए लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने उनका जो वीडियो अपलोड किया है, उसमें वह (चौधरी) जिक्र कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजाद भारत में आदिवासी समाज से पहला राष्ट्रपति बनवाया।
घटिया राजनीति करने वाले व्यक्ति से नहीं लूंगा सर्टिफिकेट
श्री चौधरी ने आखिरी में लिखा कि अंत में एक बात वह दंभ के रूप में नहीं, तथ्य के रूप में रखना चाहूंगा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद आईएएस के रूप में चयनित होने का उन्हें जो गौरव छत्तीसगढ़ महतारी के आंचल में प्राप्त हुआ, गणित का विद्यार्थी होने के बावजूद उस परीक्षा के लिए चुना गया। मेरा एक विषय हिंदी साहित्य भी था। तो भाषाई विषयों में सबसे सीखने के लिए तत्पर रहते हुये भी कम से कम आप जैसे घटिया राजनीति करने वाले व्यक्ति से तो कोई सर्टिफिकेट नहीं लूंगा।