सीएम योगी की मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। पौड़ी स्थित पैतृक गांव पंचूर से यात्रा हरिद्वार के चंडी घाट के लिए रवाना हो गई है। इससे पहले मां को सीएम योगी ने अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी भावुक हो गए।
मां के निधन की जानकारी मिलते ही सीएम योगी शुक्रवार को दोपहर बाद उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए थे। इसके बाद शाम करीब 5 बजे सीएम योगी पौड़ी स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। सबसे पहले सीएम योगी ने मां के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और इसके बाद रात भी अपने घर पर ही रुके। मां के अंतिम दर्शन कर सीएम योगी काफी भावुक नजर आए।
रात भर अपने पैतृक आवास पर ही रूके
रात भर सीएम योगी ने अन्न को ग्रहण नहीं किया। सीएम योगी ने पूरी रात ऐसी ही काटी। इस दौरान ग्रामीण और परिचित रात भर सीएम योगी से मिलने पहुंचते रहे। सीएम योगी की मां सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थी और पंचूर में अपने पैतृक आवास पर रह रही थी। शुक्रवार को जब उनकी तबियत बिगड़ी तो डॉक्टरों को बुलाया गया। 11 बजे के आसपास उनके मृत होने की जानकारी सामने आई। सीएम योगी की मां के निधन की खबर मिलते ही राजनेता, समाजसेवी और संत समाज ने शोक व्यक्त किया है।
सीएम योगी रात भर अपने पैतृक आवास पर ही रूके रहे। लोग भी सीएम योगी को मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान वहां टेंट और कुर्सियों पहुंचाई गई और आने जाने वाले लोगों का सिलसिला रात भर चलता रहा। मीडिया का भी गांव में जमावड़ा लगा रहा। सुबह अंतिम यात्रा की तैयारी शुरू हो गई है। सीएम योगी ने भी मां को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
मां सावित्री देवी के निधन की खबर सीएम योगी को गोरखपुर के टेबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन ने दी थी। इसके बाद सीएम योगी ने पहले कार्यक्रम को पूरा किया और फिर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए।
अब पंचूर गांव से हरिद्वार के चंडी घाट के लिए शव यात्रा निकालने की तैयारी शुरू हो गई। करीब साढ़े 9 बजे शव यात्रा हरिद्वार के चंडी घाट पहुंचेगी। इसके बाद 11 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, यूपी के कई दिग्गज नेता, संत और विधायक भी हरिद्वार पहुंच रहे है।। बताया जा रहा है कि दोपहर में ही सीएम योगी लखनऊ के लिए रवाना होंगे। शाम को पीएम मोदी के कार्यक्रम में भी मौजूद रहेंगे।