रायपुर. कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर जिला के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास त्याग, तपस्या, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय समाज के अनेक महानायकों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
गौरतलब है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बीते 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन हुआ था। इसी कड़ी में विभिन्न जिलों में आयोजन हो रहे हैं। इस क्रम में राजधानी रायपुर में जिला प्रशासन की ओर से महाविद्यालय कॉलेज सभागार में जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव समारोह 21 नवंबर को हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, जनजातीय महानायकों के योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को उनके संघर्षों से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। आज पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मंत्री श्री कश्यप ने जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनकी गौरवशाली विरासत, परंपराओं और संस्कृति को सहेजने का संदेश दिया गया।
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हमारे युवाओं के रोल मॉडल भगवान बिरसा मुंडा, अमर शहीद गुंडाधुर और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महानायक होने चाहिए। इन महापुरुषों ने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान से समाज को नई दिशा दी। हमें अपने पूर्वजों के योगदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए मानगढ़ की ऐतिहासिक घटना को याद किया। श्री कश्यप ने कहा कि मानगढ़ में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने रानी कमलापति सहित जनजातीय समाज के अन्य महानायकों के योगदान को भी रेखांकित किया। उनके योगदान को इतिहास में उचित स्थान दिलाना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज ने अपनी प्राचीन ज्ञान परंपराओं, लोककलाओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है। हमारे पूर्वजों ने जो ज्ञान, विद्या और परंपराएँ हमें सौंपी हैं, उन्हें सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ी तक पहुँचाना ही जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने समाज के युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने तथा उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कारण छत्तीसगढ़ का एक बड़ा हिस्सा लंबे समय तक प्रभावित रहा, जिसका सबसे अधिक नुकसान जनजातीय समाज और वनवासी लोगों को हुआ। उन अंचलों में विकास 50 साल पीछे रह गया। छत्तीसगढ़ के लोग बहुत लंबे समय से नक्सलवाद के खात्मे का इंतजार कर रहे थे। अब प्रदेश और पूरा देश नक्सल मुक्त हो चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए हैं, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ में जब पहली बार हम सब अपने घरों में दिवाली मना रहे थे, तब देश के प्रधानमंत्री बस्तर में तैनात सुरक्षा बलों के बीच दिवाली की खुशियाँ बाँटने पहुँचे थे। श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संवेदनशील नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति के संरक्षण और दूरस्थ अंचलों के सर्वांगीण विकास को नई गति मिल रही है।
बच्चों की रंगोली ने किया आकर्षित, मंत्री कश्यप ने की सराहना
कार्यक्रम में कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। समारोह स्थल पर स्कूली बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। मंत्री श्री केदार कश्यप ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों, गौरवशाली इतिहास और परंपराओं से जुड़ते हैं। मंत्री श्री कश्यप ने जिला प्रशासन के नवाचारी प्रयासों की भी सराहना की।
रायपुर में बनेगा सेवा पार्क : कलेक्टर डॉ गौरव सिंह
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित सेवा महाकुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा और परोपकार की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा महाकुंभ के माध्यम से नागरिक पुस्तक, कपड़े, खिलौने और स्टेशनरी सामग्री का दान कर जरूरतमंदों की सहायता कर रहे हैं। इसी प्रकार रक्तदान और देहदान जैसे पुनीत कार्यों के माध्यम से समाज सेवा की अनूठी मिसाल प्रस्तुत की जा रही है। उन्होंने बताया कि मंत्री श्री कश्यप से चर्चा और सहमति के बाद निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन द्वारा रायपुर में सेवा पार्क का निर्माण किया जाएगा। यह ऐसा स्थान होगा, जहां नागरिक जरूरतमंदों के लिए उपयोगी सामग्री का दान कर सकेंगे।